Edited By Vatika,Updated: 27 Feb, 2026 12:04 PM

थाना दरेसी के अंतर्गत आते इलाके कृपाल नगर में आज उस वक्त कोहराम मच गया
लुधियाना (राज): थाना दरेसी के अंतर्गत आते इलाके कृपाल नगर में आज उस वक्त कोहराम मच गया जब एक दुस्साहसी लुटेरे ने कपड़ा कारोबारी सनी प्रजापति को अपना निशाना बनाने की कोशिश की। खून सवार होकर आए इस हमलावर ने दुकान में दाखिल होते ही लूटपाट शुरू कर दी, लेकिन उसे क्या पता था कि उसका सामना एक जांबाज व्यापारी से होने वाला है।
जब सनी प्रजापति ने अपनी मेहनत की कमाई को लुटेरे के हवाले करने से साफ इनकार कर दिया, तो बौखलाए लुटेरे ने हाथ में पकड़े तेजधार हथियार से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में भी सनी ने हार नहीं मानी और शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया। अपने मंसूबों को नाकाम होते देख लुटेरे ने वहां से दुम दबाकर भागने की कोशिश की, लेकिन इलाके की मुस्तैद जनता ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
फिर बेखौफ लुटेरे पर पब्लिक का गुस्सा काल बनकर टूटा और लोगों ने उसे पकड़कर सरेराह जमकर छित्तर-परेड की। लोगों के हत्थे चढ़े इस अपराधी की पहले तो मौके पर ही अच्छी तरह 'खातिरदारी' की गई और बाद में उसे घसीटते हुए थाना दरेसी की पुलिस के हवाले कर दिया गया। उधर, गंभीर रूप से घायल सनी प्रजापति को आनन-फानन में सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है