Edited By vasudha,Updated: 24 Mar, 2026 09:53 AM

15 दिसंबर को कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में मोहाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई
मोहाली: 15 दिसंबर को कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में मोहाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। इन आरोपियों में जुगराज सिंह, ऐशदीप, मनदीप सिंह मोटा, गगनदीप सिंह, आकाशदीप, तरनदीप, दविंदर उर्फ टिक्का (टैक्सी चालक) और शूटर करण पाठक शामिल हैं। पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत यह चार्जशीट इलाका मजिस्ट्रेट संगम कौशल की अदालत में पेश की है। करीब 350 पन्नों की चार्जशीट में लगभग 55 गवाहों को शामिल किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने इस मामले में शूटर आदित्य कपूर, गैंगस्टर बलजिंदर डोनी बल्ल, अरविंदर सिंह, जसदीप और अरविंदरजीत उर्फ मनी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी करवाए हैं। वहीं, जांच के दौरान मिड्डी नाम के एक युवक के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की बात भी सामने आई थी।
गोली मारकर की गई थी हत्या
मोहाली के सोहाना इलाके में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान यह वारदात हुई थी। आरोपी करण पाठक, आकाशदीप, तरनदीप और आदित्य कपूर मौके पर पहुंचे और राणा बलाचौरिया के सिर में गोली मारकर फरार हो गए। घायल राणा को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के खोल भी बरामद हुए थे। बताया गया कि हमलावर सेल्फी लेने के बहाने राणा के पास आए और फिर वारदात को अंजाम दिया।
कौन था राणा बलाचौरिया
राणा बलाचौरिया का असली नाम कंवर दिग्विजय सिंह था। वह कबड्डी प्रमोटर था और खिलाड़ियों को मैचों में लाने का काम करता था। इसके साथ ही वह कबड्डी खिलाड़ी और एक्टर भी था। हत्या से करीब 10 दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह मूल रूप से बलाचौर का रहने वाला था।
बंबीहा गैंग ने ली जिम्मेदारी
इस हत्याकांड की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर बंबीहा गैंग ने ली थी। गैंग ने दावा किया था कि उन्होंने यह हत्या पंजाबी गायक Sidhu Moosewala के कत्ल का बदला लेने के लिए की है।