Punjab : थाने में जोरदार धमाका! पुलिस का इंकार, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

Edited By Urmila,Updated: 14 Sep, 2026 12:59 PM

powerful explosion at jalalabad city police station

जलालाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के सिटी पुलिस थाने में बीती रात एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।

जलालाबाद (बंटी दहूजा) : जलालाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के सिटी पुलिस थाने में बीती रात एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामले की पूरी जानकारी देते हुए प्रेस वार्ता में डीएसपी लवदीप गिल ने बताया कि यह घटना जलालाबाद सिटी थाने की है। डीएसपी लवदीप गिल के अनुसार रात करीब दो बजे थाने के परिसर में एक धमाका हुआ। जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई।

घटनास्थल का जायजा लेने के लिए एक विशेष फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम इस पूरे इलाके को सील करके हर एक चीज की बारीकी से जांच कर रही है। नुकसान के बारे में बताते हुए डीएसपी लवदीप गिल ने स्पष्ट किया कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। थाने में खड़ी दो पुरानी कारों के शीशे टूटे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह धमाका उन कारों की बैटरी फटने से तो नहीं हुआ। क्या यह कोई ग्रेनेड हमला है, इस सवाल पर डीएसपी लवदीप गिल ने साफ तौर पर कहा कि जब तक फॉरेंसिक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक इसे ग्रेनेड हमला नहीं कहा जा सकता। उन्होंने तर्क दिया कि ग्रेनेड हमला बहुत शक्तिशाली होता है, जबकि यहां केवल पुरानी कारों के शीशे ही टूटे हैं।

सीसीटीवी कैमरों की जांच के सवाल पर डीएसपी ने कहा कि सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, जिसमें एक हल्का धमाका दिखाई दिया है लेकिन शुरुआती तौर पर अभी तक कोई खास संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि रात के समय थाने का मुख्य दरवाजा बंद था और अंदर कोई बाहरी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकता था। इसके अलावा रात में बिजली विभाग से जुड़े चार अलग-अलग धरने चल रहे थे, जिसके कारण काफी पुलिस बल वहां भी तैनात था।

पुरानी कारों की बैटरी फटने या छत पर रखे किसी सामान से बैटरी गिरने जैसी संभावनाओं पर डीएसपी लवदीप गिल ने कहा कि यह सब जांच का विषय है। फॉरेंसिक टीम रासायनिक जांच कर रही है। पुरानी कारों की बैटरियों को भी चेक किया जाएगा कि वे फटी हैं या नहीं। शहर में ग्रेनेड हमले की अफवाहों से फैले डर के माहौल पर बोलते हुए डीएसपी ने जलालाबाद के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक घबराने की कोई जरूरत नहीं है। जलालाबाद और फाजिल्का पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। डीजीपी पंजाब की तरफ से भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इलाके में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा जाए। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!