Edited By Vatika,Updated: 14 Sep, 2026 12:49 PM

अगर आपके फोन पर भी किसी अनजान लड़की का कॉल आए और वह कहे कि गलती से आपका नंबर
फिरोजपुर: अगर आपके फोन पर भी किसी अनजान लड़की का कॉल आए और वह कहे कि गलती से आपका नंबर लग गया है, फिर बार-बार कॉल करने लगे तो सावधान रहें। ऐसी स्थिति में आप किसी ब्लैकमेलिंग गिरोह का निशाना बन सकते हैं। फिरोजपुर में इसी तरह का एक मामला सामने आया है। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने परमिंदर उर्फ रिंपी संधू नाम की महिला और गिरोह के करीब 6 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना कुलगढ़ी के एएसआई मलकीत कुमार ने बताया कि गांव अनारकली निवासी गुरमुख सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले उसके मोबाइल पर एक WhatsApp कॉल आई थी। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम परमिंदर कौर रिंपी संधू बताया और कहा कि उसका नंबर गलती से लग गया था। इसके बाद महिला बार-बार शिकायतकर्ता को कॉल करने लगी और दोनों के बीच बातचीत होने लगी। शिकायतकर्ता के अनुसार, 12 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे रिंपी संधू की WhatsApp कॉल आई। उसने उससे पूछा कि वह कहां है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह तलवंडी में है। इसके बाद रिंपी संधू ने उसे फिरोजपुर-जीरा रोड पर गांव सतिएवाला बाईपास के पास बुलाया।
शिकायतकर्ता वहां पहुंच गया। आरोप है कि महिला उसे बातों में उलझाकर एक अज्ञात स्थान पर ले गई और किसी मीठी चीज में कुछ मिलाकर खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद रिंपी संधू ने कथित तौर पर साजिश के तहत वहां दविंदर पुत्र मेजर सिंह, गगन, मनदीप और 2-3 अज्ञात लोगों को बुला लिया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना ली। इसके बाद उससे 10 लाख रुपये की मांग की गई और धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बदनामी के डर से उसने पैसे देने के लिए हामी भर दी। उसने उसी समय 50 हजार रुपये दविंदर सिंह के खाते में ट्रांसफर किए, जबकि 2 लाख रुपये अपने रिश्तेदार गुरजंट सिंह से उसके खाते में ट्रांसफर करवाए। पुलिस ने महिला समेत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।