Edited By Kalash,Updated: 24 Sep, 2026 11:51 AM

महानगर के व्यस्त और प्रमुख व्यापारिक इलाके फील्ड गंज में गणपति उत्सव के दौरान एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है।
लुधियाना (राज): महानगर के व्यस्त और प्रमुख व्यापारिक इलाके फील्ड गंज में गणपति उत्सव के दौरान एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है। कूचा नंबर 14 की नुक्कड़ पर सजे गणपति पंडाल से एक शातिर चोर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के आगे रखा दानपात्र चुराकर रफूचक्कर हो गया। दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई करीब 30 से 35 हजार रुपये की नकदी मौजूद थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आयोजकों द्वारा अपने स्तर पर की गई पड़ताल के बाद विकास नामक युवक का नाम सामने आया है, जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर 2 में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में देवराज ने बताया कि वह हर साल गली नंबर 14, फील्ड गंज के स्थानीय निवासियों और दुकानदारों के सहयोग से गणपति स्थापना करवाता है। इस वर्ष भी धार्मिक आस्था और धूमधाम के साथ कूचा नंबर 14 फील्ड गंज की नुक्कड़ पर सुंदर टेंट लगाकर भगवान श्री गणेश की पावन प्रतिमा स्थापित की गई थी, जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और नतमस्तक होने पहुंचते हैं। देवराज के अनुसार, 23 सितंबर को सुबह करीब 11:00 बजे जब वह रोजमर्रा की तरह गणपति स्थापना वाले स्थान (पंडाल) पर पहुंचा, तो वहां मौजूद सेवादारों और लोगों के चेहरे उड़े हुए थे। वहां बैठे व्यक्तियों ने बताया कि कुछ देर पहले गणपति जी की मूर्ति के ठीक सामने रखा चढ़ावे वाला दानपात्र कोई अज्ञात व्यक्ति चुराकर ले गया है। दिनदहाड़े पावन पंडाल से गोलक गायब होने की खबर सुनते ही
आयोजकों और स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया। दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धापूर्वक अर्पित किए गए करीब 30,000 से 35,000 रुपये की नकदी मौजूद थी, जिसे आरोपी गोलक सहित उठा ले गया। घटना के तुरंत बाद जब आयोजकों और स्थानीय लोगों ने आसपास पूछताछ की और इलाके में सुराग जुटाने शुरू किए, तो पता चला कि यह चोरी किसी और ने नहीं बल्कि विकास नामक युवक ने की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नामजद आरोपी विकास की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here