Edited By Subhash Kapoor,Updated: 22 Apr, 2026 07:59 PM

दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज की बीएससी जूलॉजी (ऑनर्स) की छात्रा काम्या भारद्वाज ने पाल्क स्ट्रेट में नॉन-स्टॉप राउंड-ट्रिप तैराकी कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने यह कठिन दूरी 18 घंटे 15 मिनट में पूरी की। काम्या ने यह तैराकी तमिलनाडु के...
नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज की बीएससी जूलॉजी (ऑनर्स) की छात्रा काम्या भारद्वाज ने पाल्क स्ट्रेट में नॉन-स्टॉप राउंड-ट्रिप तैराकी कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने यह कठिन दूरी 18 घंटे 15 मिनट में पूरी की। काम्या ने यह तैराकी तमिलनाडु के अरिचलमुनई (धनुषकोडी) से श्रीलंका के तलाईमन्नार तक और फिर वापस अरिचलमुनई तक पूरी की। उन्होंने सुजीथा देव वर्मन के 19 घंटे 20 मिनट के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा।
यह अभियान ओपन वॉटर स्विमिंग एकेडमी (OWSA), थेनी द्वारा आयोजित किया गया था, जिसकी शुरुआत 12 अप्रैल को दोपहर 1:30 बजे हुई। पाल्क स्ट्रेट अपने कठिन समुद्री हालात के लिए जाना जाता है। इस दौरान काम्या को तेज लहरों, विपरीत धाराओं और जेलीफिश जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
इन मुश्किलों के बावजूद, काम्या रात 10:35 बजे श्रीलंका के तलाईमन्नार (ओरमाला) पहुंचीं और तुरंत वापसी शुरू कर दी। पूरी रात तैरते हुए उन्होंने 13 अप्रैल की सुबह 7:45 बजे अरिचलमुनई पहुंचकर अपनी तैराकी पूरी की।
इस उपलब्धि की निगरानी स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के अधिकारियों डॉ. विजयकुमार और एम. जयकुमार ने की और रिकॉर्ड की पुष्टि की।
गुरुग्राम, हरियाणा की रहने वाली काम्या ने अपनी पढ़ाई के साथ कड़ी ट्रेनिंग करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। विशेषज्ञों के अनुसार, इतनी कठिन परिस्थितियों में नॉन-स्टॉप नाइट स्विम करना बेहद दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण होता है। इस उपलब्धि के साथ काम्या भारद्वाज ने भारत की उभरती हुई लंबी दूरी की ओपन वॉटर तैराकों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।