Ludhiana के कई इलाकों में अवैध निर्माण के आरोप, कार्रवाई के बावजूद जारी कामकाज ने उठाए बड़े सवाल

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 14 Apr, 2026 11:08 PM

allegations of illegal construction surface in several areas of ludhiana

शहर के वेस्ट एरिया में सरकारी जमीनों पर बढ़ते कब्जों के मामलों ने अब सियासी रंग लेना शुरू कर दिया है। ऋषि नगर वेस्ट के वाई ब्लॉक में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की जमीन पर तीन कोठियों के निर्माण का मामला सामने आने के बाद “भूमाफिया–आम आदमी पार्टी कनेक्शन” को...

लुधियाना (गणेश / सचिन ): शहर के वेस्ट एरिया में सरकारी जमीनों पर बढ़ते कब्जों के मामलों ने अब सियासी रंग लेना शुरू कर दिया है। ऋषि नगर वेस्ट के वाई ब्लॉक में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की जमीन पर तीन कोठियों के निर्माण का मामला सामने आने के बाद “भूमाफिया–आम आदमी पार्टी कनेक्शन” को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार सामने आ रहे मामलों ने पूरे सिस्टम को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है।

सूत्रों के अनुसार, वेस्ट क्षेत्र में सक्रिय तथाकथित “टीम भूमाफिया” सरकारी जमीनों को निशाना बना रही है और कई जगहों पर कब्जा कर निर्माण कार्य तक पहुंच गई है। चर्चा यह भी है कि यह माफिया किसी न किसी प्रकार की छत्रछाया में काम कर रहा है, जिससे कार्रवाई के बावजूद निर्माण नहीं रुक रहा।

ऋषि नगर वेस्ट में तेजी से हुआ निर्माण
ऋषि नगर वेस्ट के वाई ब्लॉक में करीब 400 गज के क्षेत्र को पहले चारदीवारी कर घेरा गया और फिर उसके भीतर तीन कोठियों का निर्माण शुरू कर दिया गया। स्थिति यह है कि निर्माण कार्य लेंटर तक पहुंच चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही इस पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन उसके बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मामले में संबंधित पक्ष से जमीन के दस्तावेज मांगे गए हैं और यह भी जांच की जा रही है कि जमीन इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की है या नगर निगम के अधीन आती है।

“कार्रवाई के बाद भी निर्माण जारी”
अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पहले इस स्थल पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन निर्माण कार्य पूरी तरह नहीं रुका। यह स्थिति प्रशासनिक सख्ती और निगरानी पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कड़ी कार्रवाई होती, तो निर्माण इस स्तर तक नहीं पहुंचता।
 

सूत्रों के दावे—“माफिया को संरक्षण?”
सूत्रों के अनुसार, वेस्ट एरिया में सक्रिय भूमाफिया को किसी न किसी प्रकार का संरक्षण मिल रहा है। यही कारण है कि वे बिना डर के सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। हालांकि, इन दावों की पुष्टि किसी आधिकारिक एजेंसी द्वारा नहीं की गई है, लेकिन लगातार सामने आ रहे मामलों ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है। शहर में यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर यह माफिया किसके संरक्षण में काम कर रहा है और कब तक यह सिलसिला जारी रहेगा।

हाई कोर्ट तक पहुंचा मामला
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति द्वारा इस मामले को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिसे यह कहते हुए खारिज कर दिया गया कि पहले निचली अदालत में प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से कानूनी प्रक्रिया की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

किचलू नगर वेस्ट और अन्य इलाकों में भी मामले
कुछ दिन पहले किचलू नगर वेस्ट इलाके में भी इसी तरह के एक मामले में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट द्वारा कार्रवाई की गई थी। उस समय निर्माण रोक दिया गया था, लेकिन अब अन्य इलाकों में नए मामले सामने आ रहे हैं। यह दर्शाता है कि समस्या किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे वेस्ट एरिया में फैली हुई है।

RTI एक्टिविस्ट की चेतावनी
आरटीआई एक्टिविस्ट कीमती रावल ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए कहा है कि भारत नगर चौक वेस्ट क्षेत्र में सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ उन्होंने पहले भी शिकायत की थी और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं दिखाई गई, तो सरकारी जमीनों पर कब्जों का सिलसिला और बढ़ सकता है।

जनता में बढ़ता रोष
लगातार सामने आ रहे इन मामलों से वेस्ट एरिया के स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि आम नागरिकों को नियमों का सख्ती से पालन करना पड़ता है, जबकि दूसरी ओर खुलेआम सरकारी जमीनों पर निर्माण हो रहा है। लोगों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और इस पूरे मामले में पारदर्शिता लाई जाए।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!