मंदिर में घुसे चोर ने पहले सिर झुकाकर टेका माथा और फिर... CCTV में कैद हुई हरकत

Edited By Kamini,Updated: 16 May, 2026 04:00 PM

thief entered the temple

किचलू नगर इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला और अनोखा चोरी का मामला सामने आया है।

लुधियाना (राज/गणेश): किचलू नगर इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला और अनोखा चोरी का मामला सामने आया है। यहां स्थित श्री राम दरबार मंदिर में एक शातिर चोर ने रात के अंधेरे में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम देने से पहले चोर ने बकायदा भगवान की मूर्ति के आगे हाथ जोड़े, सिर झुकाकर माथा टेका... और फिर दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी तमाम नकदी समेटकर फरार हो गया। चोर की यह सारी अजीबो गरीब हरकत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात रात करीब 2:00 बजे अंजाम दी गई। चोर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपना पूरा मुंह कपड़े से ढका हुआ था। मंदिर के प्रधान प्रकाश चंद शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 5:00 बजे मंदिर के पंडित गोपाल कृष्ण ने उन्हें फोन पर इस चोरी की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही जब मंदिर के सेवादार और अन्य लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, तो वे यह देखकर दंग रह गए कि मंदिर के मुख्य द्वारों के ताले बिल्कुल सही-सलामत थे और कहीं कोई तोड़फोड़ नहीं हुई थी।

रोशनदान के रास्ते रेंगते हुए अंदर घुसा शातिर :

रहस्यमयी तरीके से हुई इस चोरी का खुलासा तब हुआ जब मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला गया। फुटेज में साफ नजर आया कि चोर ने मंदिर के मुख्य दरवाजों को हाथ भी नहीं लगाया, बल्कि वह मंदिर के साथ लगते एक संकरे रोशनदान (वेंटिलेटर) के रास्ते रेंगते हुए बेहद शातिर तरीके से अंदर दाखिल हुआ था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोर रात ठीक 2:00 बजे मंदिर के गर्भगृह वाले हिस्से में पहुंचा। उसने मंदिर के अंदर करीब 43 मिनट का लंबा समय बिताया। इस दौरान उसने दानपात्र को कटर या किसी अन्य औजार से कतर डाला। इसके बाद रात करीब 2:43 बजे अचानक कैमरा बंद हो गया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह इसी वक्त चोरी की रकम समेटकर उसी रास्ते से फरार हो गया

गहरी नींद में सोते रहे सेवादार, पुलिस खंगाल रही फुटेज :

हैरानी की बात यह भी रही कि जिस वक्त यह पूरी वारदात हो रही थी, ठीक उसी वक्त मंदिर परिसर में ही दो लोग सो रहे थे। जब सुबह उनसे इस बारे में पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि वे गहरी नींद में थे और रात के समय उन्हें किसी भी तरह की आहट, खटपट या हलचल का बिल्कुल पता नहीं चला। फिलहाल, मंदिर प्रबंधन की तरफ से इस पूरी घटना की लिखित सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुस्तैदी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और मुंह ढके इस शातिर चोर के हुलिए व कद-काठी के आधार पर उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!