Edited By Urmila,Updated: 19 Sep, 2026 05:50 PM

भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने पंजाब सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में 8 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने पर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला।
चंडीगढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने पंजाब सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में 8 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने पर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब के कर्मचारियों और पेंशनर्स ने 18 प्रतिशत DA की मांग की थी, लेकिन सरकार ने केवल 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी देकर इसे बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश करना शुरू कर दिया है। 42 प्रतिशत से 50 प्रतिशत DA करने पर सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि कर्मचारियों और पेंशनर्स के हजारों करोड़ रुपये के बकाये अब भी लंबित हैं।
तरुण चुघ ने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनर्स को उनका हक देना सरकार की जिम्मेदारी है, कोई एहसान नहीं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद कर्मचारियों के लंबित वित्तीय मामलों का समाधान नहीं किया गया। सरकार को कर्मचारियों की वास्तविक मांगों का समाधान करना चाहिए था, लेकिन उसने केवल 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी देकर मामले को खत्म करने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि आप सरकार का रवैया कर्मचारियों और पेंशनर्स के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील है। जिन कर्मचारी संगठनों ने वर्षों से अपने सदस्यों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है, उनके साथ गंभीर और संस्थागत संवाद करने के बजाय सरकार नए खड़े किए गए संगठनों के साथ समझौते करके कर्मचारियों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब के कर्मचारी और पेंशनर्स सरकार से किसी राजनीतिक घोषणा की नहीं, बल्कि अपने हक की मांग कर रहे हैं। DA, लंबित बकाया और अन्य वित्तीय देनदारियों का समयबद्ध भुगतान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रचार और दिखावे से बाहर निकलकर कर्मचारियों और पेंशनर्स की सभी जायज मांगों का ठोस समाधान करना चाहिए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here