Edited By Vatika,Updated: 05 Sep, 2026 09:37 AM

पंजाब में नशे के गंभीर मुद्दे को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
लुधियाना(राज) : पंजाब में नशे के गंभीर मुद्दे को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा लुधियाना के दुगरी रोड का बताकर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो असल में रील के लिए किया गया एक प्रैंक निकला। वीडियो में सडक़ के बीचों-बीच बेसुध खड़े दिख रहे युवक को जब पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि उसने कोई नशा नहीं किया था, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल होने और व्यूज बटोरने के लिए नशे में धुत होने की झूठी एक्टिंग की थी। गौरतलब है कि भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने 2 सितंबर को अपने सोशल आऊंट पर एक वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा हमला बोला था। उन्होंने कैप्शन में लिखा था कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को उजाड़ दिया है और रंगला पंजाब के दावों की जमीनी हकीकत सडक़ों पर दिख रही है। वीडियो सामने आते ही लुधियाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान की और 3 सितंबर को उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने युवक का वीडियो बयान जारी कर किया खंडन
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि उसने किसी प्रकार का नशा नहीं किया था। सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा फॉलोअर्स और व्यूज हासिल करने की चाहत में उसने यह योजना बनाई थी। सडक़ पर नशे में धुत होने की यह एक्टिंग उसके दोस्त ने कैमरे में कैद की थी। युवक ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी इस तरह के अजीबोगरीब वीडियो बनाकर अपने अकाउंट पर पोस्ट कर चुका है ताकि वह इंटरनेट पर मशहूर हो सके।
मेडिकल टेस्ट से होगी दावों की पुष्टि : एसीपी
एसीपीचीमा ने बताया कि युवक द्वारा पूछताछ में किए गए दावों की पुष्टि के लिए उसका विधिवत मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि मेडिकल जांच में युवक के शरीर में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ एनडीपीएस व संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अगर यह केवल जनता और प्रशासन को गुमराह करने व दहशत फैलाने की नीयत से किया गया स्टंट निकला, तो भी उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
पंजाब पुलिस ने जारी किया स्पष्टीकरण वीडियो
पंजाब पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर हिरासत में लिए गए युवक का बयान जारी करते हुए स्थिति स्पष्ट की। पुलिस ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो की प्रामाणिकता जांचे बिना राजनीतिक बयानबाजी या सनसनी फैलाने से बचा जाए। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सांसद हरभजन सिंह द्वारा भी नशे से जुड़ा एक वीडियो साझा किया गया था, जिसे पुलिस जांच में हरियाणा के यमुनानगर से संबंधित पाया गया था। फिलहाल, इस पूरे प्रकरण के बाद पंजाब का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है।