Edited By Vatika,Updated: 19 Sep, 2026 10:40 AM

पी.एम. पोषण स्कीम के तहत सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील तैयार करने में सेवाएं दे रहे कुक
लुधियाना(विक्की): पी.एम. पोषण स्कीम के तहत सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील तैयार करने में सेवाएं दे रहे कुक-कम-हैल्पर्स के लिए शिक्षा विभाग ने अहम फैसला लिया है। कुक यूनियन की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए विभाग ने कुक-कम-हैल्पर्स को साल में 2 वर्दियां उपलब्ध करवाने की मंजूरी दी है।
इसके तहत प्रत्येक कुक-कम-हैल्पर को वर्दी के लिए कुल 1200 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार गर्मी की वर्दी के लिए प्रति कुक-कम-हैल्पर 600 रुपए तथा सर्दी की वर्दी के लिए भी 600 रुपए दिए जाएंगे। इस प्रकार एक कुक कम हैल्पर को एक वर्ष के दौरान वर्दी के लिए कुल 1200 रुपए की राशि मिलेगी। इससे स्कूलों में बच्चों के लिए मिड-डे-मील तैयार करने वाले कुक-कम-हैल्पर्स को ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी पहनने की सुविधा मिल सकेगी।
जिलों से मांगी गई कुक कम हैल्पर्स की पूरी जानकारी
इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से पंजाब के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (एलीमैंट्री शिक्षा) को पत्र जारी किया गया है। इसमें अधिकारियों को अपने-अपने जिले के अंतर्गत पी.एम. पोषण स्कीम के तहत कार्यरत कुक कम हैल्पर्स की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलों से प्राप्त जानकारी के आधार पर ही संबंधित कुक-कम-हैल्पर्स के लिए वर्दी की राशि जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
कुक यूनियन की मांग पर विभाग ने लिया फैसला
कुक कम हैल्पर्स की ओर से लंबे समय से ड्यूटी के दौरान वर्दी उपलब्ध करवाने की मांग उठाई जा रही थी। उनका कहना था कि वे रोजाना स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी निभाते हैं और इसके लिए उन्हें उचित वर्दी मिलनी चाहिए। अब शिक्षा विभाग की ओर से साल में 2 वर्दियों के लिए राशि मंजूर किए जाने के बाद उनकी इस मांग को पूरा करने की दिशा में कदम उठाया गया है।