Edited By Vatika,Updated: 16 Sep, 2026 08:59 AM

पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो लोगों के खिलाफ...
लुधियाना (राज): सराभा नगर के थरीके इलाके में स्थित पीजी में स्पा कर्मी 31 वर्षीय चरणप्रीत कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का संगीन केस दर्ज कर लिया है।
स्पा पार्टनर कर रहा था मानसिक रूप से प्रताड़ित
मृतका के परिजनों द्वारा दर्ज करवाए गए आधिकारिक बयानों के बाद साफ हुआ है कि चरणप्रीत कौर केवल स्पा में मुलाजिम नहीं, बल्कि अमित अरोड़ा के साथ पार्टनरशिप पर 'मून स्टार स्पा' का काम कर रही थी। आरोप है कि स्पा पार्टनर अमित अरोड़ा उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, वहीं घटना वाली रात उसके दोस्त अमनदीप सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट की थी। दोनों की प्रताड़ना से तंग आकर आहत युवती ने 15 सितंबर को अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में मृतका के पिता जगराज सिंह ने बताया कि उनकी 31 वर्षीय बेटी चरणप्रीत कौर अमित अरोड़ा नामक व्यक्ति के साथ पार्टनरशिप पर 'मून स्टार' नाम से स्पा का कारोबार चला रही थी। उनका आरोप है कि स्पा के संचालन और लेन-देन को लेकर अमित अरोड़ा लगातार चरणप्रीत को परेशान व प्रताड़ित कर रहा था।
मृतका के चेहरे व शरीर पर बने चोटों के गहरे निशान
अमित की इस लगातार प्रताड़ना के चलते चरणप्रीत पिछले काफी समय से गहरे मानसिक तनाव और दबाव में जीवन जीने को मजबूर थी।बयानों के अनुसार, 14 और 15 सितंबर की दरमियानी रात चरणप्रीत कौर का उसके परिचित दोस्त अमनदीप सिंह के साथ किसी बात को लेकर तीखा झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि अमनदीप सिंह ने चरणप्रीत के साथ जमकर गाली-गलौज की और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसी मारपीट के चलते मृतका के चेहरे व शरीर पर चोटों के गहरे निशान बने थे, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने पहले हत्या की आशंका जताई थी। एक तरफ स्पा पार्टनर अमित अरोड़ा का मानसिक टॉर्चर और दूसरी तरफ देर रात दोस्त अमनदीप सिंह द्वारा की गई सरेआम मारपीट व बदसलूकी से चरणप्रीत अंदर से पूरी तरह टूट गई।
आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर किया जाएगा अदालत में पेश
उल्टा आरोपियों ने बेटी के खिलाफ ही झूठा केस दर्ज करवा दिया था। इसी प्रताड़ना और बेइज्जती से आहत होकर चरणप्रीत कौर ने 15 सितंबर को पीजी स्थित अपने कमरे के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अमनदीप सिंह खुद को बचाने और मामले को दबाने के लिए युवती को तुरंत अस्पताल ले गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। अब पुलिस दोनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।