Edited By Vatika,Updated: 03 Sep, 2026 06:04 PM

शिक्षण संस्थानों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शोहदों व मजनुओं पर नकेल कसने के लिए लुधियाना
लुधियाना (अनिल, राज ): शिक्षण संस्थानों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शोहदों व मजनुओं पर नकेल कसने के लिए लुधियाना पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस की अलग-अलग उच्चस्तरीय टीमों ने घुमार मंडी स्थित खालसा कॉलेज फॉर विमेन और गिल रोड स्थित गुरु नानक देव इंजीनियरिंग कॉलेज के आसपास एक बड़ा विशेष एंटी-ईव-टीजिंग अभियान चलाया।

इस दौरान शिक्षण संस्थानों के गेटों और संवेदनशील चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे बिना वजह मंडराने वाले शोहदों में हडक़ंप मच गया। अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फील्ड में खुद आला अधिकारी मौजूद रहे। खालसा कॉलेज फॉर विमेन के बाहर मोर्चे की अगुवाई डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) अरविंद मीणा ने की। उनके साथ एडीसीपी (इन्वेस्टिगेशन एवं ईओ विंग) रूपिंदर कौर भट्टी, एसीपी (पीबीआई स्पेशल क्राइम) रूपदीप कौर और एसीपी (साइबर व ईओ) हरजिंदर सिंह मुस्तैद रहे। वहीं, दूसरी तरफ जीएनई कॉलेज (गिल रोड) के बाहर अभियान का नेतृत्व डीसीपी (स्पेशल ब्रांच) परमजीत सिंह ने किया। उनके साथ एडीसीपी-2 करनवीर सिंह, एसीपी (लाइसेंसिंग व सुरक्षा) गुरइक़बाल सिंह सहित स्थानीय थानों और ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें तैनात रहीं।

बिना वजह मंडराने वालों की ली क्लास, 73 चालान काटे
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कॉलेजों के आसपास बिना किसी काम के घूम रहे, खड़े होकर नुक्कड़ों पर हुड़दंग मचाने वाले और संदिग्ध रूप से चक्कर काट रहे मनचलों को रोककर कड़ी पूछताछ की और उन्हें सख्त हिदायत देकर फटकार लगाई। इसके साथ ही ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने और कॉलेजों के बाहर पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले वाहनों पर कड़ा एक्शन लिया गया। पुलिस ने मौके पर ही कुल 73 चालान काटे, जिनमें 43 चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर, 15 चालान ट्रिपल राइडिंग, 7 चालान तेज आवाज व पटाखे छोडऩे वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटरसाइकिलों के, 8 चालान गैर-कानूनी ढंग से मॉडिफाइड किए गए वाहनों के काटे गए है।
छात्राओं की सुरक्षा के लिए जारी रहेंगे औचक अभियान : डी.सी.पी.
डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) अरविंद मीणा ने स्पष्ट किया कि छात्राओं को भयमुक्त और सुरक्षित माहौल प्रदान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल-कॉलेजों के खुलने और छुट्टी के समय पुलिस का विशेष फोकस रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास हुड़दंगबाजी या छेड़छाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर भर के अन्य कॉलेजों और स्कूलों के बाहर भी ऐसे औचक सर्च अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आम जनता व छात्राओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर दें।