Ludhiana: मंदिर की दीवार तोड़कर घुसा चोर, पार्कों में खंडित हालत में  मिली मुर्तियां

Edited By Kamini,Updated: 24 Apr, 2026 12:24 PM

ludhiana thief breaks through temple wall to enter

महानगर में अपराधियों के हौंसले इतने बढ़ गए हैं कि अब वे भगवान के घर को भी निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं।

लुधियाना (राज): महानगर में अपराधियों के हौंसले इतने बढ़ गए हैं कि अब वे भगवान के घर को भी निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला हैबोवाल खुर्द के ऋषि नगर इलाके का है, जहां एक अज्ञात नकाबपोश चोर ने मंदिर में सेंधमारी कर देवी-देवताओं की मूर्तियां चोरी कर लीं। वारदात की यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी की करतूत साफ नजर आ रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मंदिर की देखरेख करने वाले शिकायतकर्ता जितेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि यह घटना 20 और 21 अप्रैल की दरमियानी रात की है। रात करीब 1 से 2 बजे के बीच एक नकाबपोश व्यक्ति मंदिर की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। आरोपी ने मंदिर के गर्भगृह में स्थापित शिव परिवार की मूर्तियों पर हाथ साफ किया। चोर वहां से माता पार्वती, भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय और शिवलिंग पर सजे चांदी के नाग देवता की मूर्तियां उखाड़कर ले गया। सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो टूटी दीवार और गायब मूर्तियां देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

चोरी की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के कुछ ही देर बाद मंदिर से करीब 100-100 मीटर की दूरी पर स्थित अलग-अलग पार्कों से चोरी की गई मूर्तियां और चांदी का नाग बरामद हो गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि चोर मूर्तियों को चोरी करने के बाद उन्हें पार्कों में ही फेंक कर फरार हो गया। इस दौरान एक मूर्ति बुरी तरह से खंडित पाई गई, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। इस वारदात ने पुलिस के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चोर ने अगर चोरी की नीयत से मूर्तियों को उठाया था, तो उन्हें पार्क में क्यों फेंका? क्या यह केवल चोरी थी या इलाके की शांति भंग करने की कोई बड़ी साजिश, यह अब जांच का विषय बना हुआ है। थाना पीएयू की पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!