Edited By Vatika,Updated: 22 Apr, 2026 09:08 AM

मोहल्ला फतेहगढ़ इलाके में असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक सद्भाव को बिगाड़ने की एक
लुधियाना (राज): मोहल्ला फतेहगढ़ इलाके में असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक सद्भाव को बिगाड़ने की एक बेहद ही निंदनीय घटना सामने आई है। यहां एक मंदिर में न केवल तोड़फोड़ की गई, बल्कि वहां स्थापित पवित्र मूर्तियों को भी गायब कर दिया गया। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष पाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं।फिलहाल इस मामले में पुलिस ने सुमित और सजन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
मंदिर से सभी मूर्तियां गायब और की गई थी तोड़फोड़
मामला मोहल्ला फतेहगढ़ का है। छोटे लाल ने पुलिस को बताया कि फतेहगढ़ मोहल्ले में करीब 10 गज जगह में मां दुर्गा का मंदिर बना हुआ है। इस मंदिर में राधा-कृष्ण जी, गौ-माता, दुर्गा माता और शिवलिंग स्थापित थे। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बीते कल यानी 21 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे एक श्रद्धालु मंदिर में माथा टेकने के लिए पहुंचा। जैसे ही श्रद्धालु मंदिर परिसर के अंदर गया, उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि मंदिर से सभी मूर्तियां गायब थीं और आसपास की जगह पर भी बुरी तरह तोड़फोड़ की गई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस
वारदात को अंजाम देने वाले दोषियों ने बहुत ही शातिराना ढंग से पवित्र मूर्तियों को वहां से हटाया और मंदिर की मर्यादा को ठेस पहुंचाई। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सीधे तौर पर उनकी आस्था पर प्रहार है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।