Edited By Kalash,Updated: 06 Jun, 2026 12:29 PM

महानगर के हैबोवाल इलाके में आपसी रंजिश और व्यापारिक विवाद के चलते आधी रात को सरेआम गुंडागर्दी का एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला
लुधियाना (राज): महानगर के हैबोवाल इलाके में आपसी रंजिश और व्यापारिक विवाद के चलते आधी रात को सरेआम गुंडागर्दी का एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। कुछ अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने रात के अंधेरे में एक फैक्ट्री कारोबारी के घर के बाहर खड़ी कार पर केमिकल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। धमाका इतना जोरदार था कि पल भर में लाखों की गाड़ी जलकर स्वाहा हो गई। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए हैं।
पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, यह सनसनीखेज वारदात मोहल्ला गगनप्रीत विहार, हैबोवाल कलां के रहने वाले फैक्ट्री कारोबारी मोहम्मद शाकिर के साथ बीती 30 मई की दरमियानी रात को पेश आई। पीड़ित शाकिर ने रोज की तरह अपनी काले रंग की महिंद्रा KUV 100 कार को घर के ठीक सामने एक खाली प्लॉट में लॉक करके खड़ा किया हुआ था। उन्हें क्या मालूम था कि रात के अंधेरे में उनकी गाड़ी को फूंकने की साज़िश रची जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ है कि देर रात एक संदिग्ध i20 कार वहां आकर रुकती है, जिसमें तीन नकाबपोश सवार थे। बदमाशों ने पहले पूरे इलाके की रेकी की और फिर कार से एक युवक हाथ में बोतल लेकर नीचे उतरा। उसने शाकिर की गाड़ी पर कोई ज्वलनशील केमिकल फेंका और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपनी कार में बैठकर फरार हो गए।
इस मामले में पीड़ित फैक्ट्री कारोबारी मोहम्मद शाकिर ने बताया कि उनकी अपनी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन इस कायराना हमले के पीछे उनके साले का व्यापारिक विवाद है। दरअसल, उनके साले का उसके बिजनेस पार्टनर के साथ कुछ समय से गंभीर विवाद चल रहा था, जिसके बाद वह लुधियाना आकर शाकिर के साथ काम करने लगा। साले के लुधियाना आने से उसका पार्टनर आगबबूला था और फोन पर लगातार अंजाम भुगतने और भारी नुकसान करने की धमकियां दे रहा था। पीड़ित परिवार को पूरा शक है कि उसी खूंखार पार्टनर ने भाड़े के टट्टुओं से इस वारदात को अंजाम दिलवाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना हैबोवाल पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की स्पेशल टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की i20 कार के नंबर को ट्रेस करने और उनके भागने के रूट को खंगालने में जुट गई हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही इस साजिश के मास्टरमाइंड समेत सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here