लुधियाना में ठगी का नया खेल: नकली Online ट्रांजैक्शन दिखाकर शराब ले गए बदमाश, पैसे मांगने पर सेल्समैन को पीटा

Edited By Vatika,Updated: 04 Jun, 2026 08:50 AM

fraud ludhiana news

महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सरेआम ठगी और मारपीट की वारदातों को

लुधियाना(राज): महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सरेआम ठगी और मारपीट की वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं कतरा रहे। ऐसा ही एक मामला रेलवे स्टेशन के पास स्थित हरीश वाइन ठेके से सामने आया है, जहां कुछ बदमाशों ने न सिर्फ नकली डिजिटल पेमेंट का झांसा देकर शराब की बोतल ले ली , बल्कि पैसे मांगने पर सेल्समैन और उसके साथियों पर जानलेवा हमला बोल दिया।

तीन अज्ञात युवकों ने किया कांड 
मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित सेल्समैन बलदेव सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित हरीश वाइन ठेके पर बतौर सेल्समैन काम करता है। बीते 1 जून को वह रोजाना की तरह ठेके पर अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद था। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्होंने सेल्समैन से बकार्डी कंपनी की शराब की बोतल की मांग की। सेल्समैन ने बिना किसी शक के उन्हें शराब की बोतल, गिलास और अन्य जरूरी सामान दे दिया। इसके बाद जब सेल्समैन ने उनसे शराब के पैसे मांगे, तो युवकों ने चालाकी दिखाते हुए अपने मोबाइल पर एक फर्जी ऑनलाइन पेमेंट का मैसेज दिखा दिया। सेल्समैन ने जब ध्यान से देखा और पैसे ट्रांसफर न होने की बात कही, तो आरोपी उलझ पड़े और गाली-गलौज करते हुए लड़ाई-झगड़ा करने लगे। विवाद के बीच ही आरोपी सेल्समैन को गच्चा देकर मौके से शराब की बोतल लेकर भागने की फिराक में थे, लेकिन सेल्समैन ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपने साथियों की मदद से उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। 

थाने पहुंचा मामला 
इसके बाद जब आरोपियों पर दोबारा असली पेमेंट करने का दबाव बनाया गया, तो वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और फिर से फर्जी स्कैनर दिखाकर गुमराह करने लगे। इसी खींचतान के बीच आरोपियों ने शातिर चाल चलते हुए फोन करके अपने 4-5 अन्य अज्ञात साथियों को मौके पर बुला लिया। इन सभी हमलावरों ने ठेके पर मौजूद स्टाफ पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने मिलकर सेल्समैन और उसके साथियों की बेरहमी से पिटाई की और सरेआम जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित पक्ष ने अपने स्तर पर जब इस मामले की छानबीन की, तो हमलावरों में से एक आरोपी की पहचान गौरव के रूप में हुई है। फिलहाल थाना डिविजन नंबर 1 की पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!