Edited By Kalash,Updated: 04 Jun, 2026 10:44 AM

महानगर में नशे का छठा दरिया थमने का नाम नहीं ले रहा है और युवा पीढ़ी इस दलदल में लगातार धंसती जा रही है।
लुधियाना (राज): महानगर में नशे का छठा दरिया थमने का नाम नहीं ले रहा है और युवा पीढ़ी इस दलदल में लगातार धंसती जा रही है। शहर के चप्पे-चप्पे पर नशा बेचने वालों का जाल इस कदर फैल चुका है कि नशा करने वाले युवकों को आसानी से मौत का यह सामान मिल रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर लुधियाना के पॉश और व्यस्त माने जाने वाले जवाहर नगर कैंप इलाके का एक बेहद ही शर्मनाक और हैरान करने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने जहां इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है, वहीं दूसरी ओर कमिश्नरेट पुलिस के उन दावों की भी हवा निकाल दी है जिसमें नशा तस्करों पर नकेल कसने की बातें कही जाती हैं।
वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक दिन-दिहाड़े भारी नशे की ओवरडोज लेकर बीच सड़क पर पूरी तरह से धुत्त खड़ा है। नशे का सुरूर उस पर इस कदर हावी था कि उससे जमीन पर ठीक से सीधे पैर खड़े भी नहीं हुआ जा रहा था। वह कभी आगे तो कभी पीछे गिरते-संभलते हुए सरेआम सड़क के बीचों-बीच अजीबो-गरीब हरकतें करता नजर आ रहा था। आने-जाने वाले राहगीर और वाहन चालक उसकी इस हालत को देखकर सहम रहे थे और कई लोग तमाशबीन बनकर उसका वीडियो बना रहे थे, जो अब इंटरनेट पर आग की तरह फैल चुका है।
स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने दबी जुबान में बड़े खुलासे करते हुए बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है। उक्त युवक अक्सर इसी जवाहर नगर कैंप इलाके में पूरी तरह से नशे में टून होकर इधर-उधर भटकता और दुकानों के बाहर खड़ा नजर आता है। लोगों का कहना है कि इलाके में नशे की सप्लाई इतनी आसान हो चुकी है कि ऐसे नशेड़ियों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे अब महिलाओं और बच्चों का घरों से निकलना भी दूभर हो गया है। बीच सड़क पर हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद अब स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी और पीसीआर पेट्रोलिंग पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं कि आखिर सरेआम नशा करके हुड़दंग मचाने वाले और इन्हें नशा सप्लाई करने वाले मगरमच्छों पर कानून का हंटर कब चलेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here