Edited By Kalash,Updated: 28 Mar, 2026 01:56 PM

महानगर अब अपराध की नगरी बनती जा रही है। शहर की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में बीती रात जो कुछ हुआ, उसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के दावों की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं।
लुधियाना (राज): महानगर अब अपराध की नगरी बनती जा रही है। शहर की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में बीती रात जो कुछ हुआ, उसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के दावों की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे गुंडों ने सरेआम गोलियां चलाकर दहशत फैला दी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी शान से फरार हो गए।हालांकि सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर सरेआम गोलियां चला रहे हैं फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन आरोपी अभी भी कानून की पहुंच से बाहर हैं।
घटनाक्रम के मुताबिक, सुदामा नाम का युवक अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गली नंबर 2 के कुछ युवकों ने जोमैटो से खाना मंगवाया था। डिलीवरी बॉय रास्ता भटक कर सुदामा के पास आ गया और ऑर्डर करने वाले युवकों को फोन करने लगा। जब एक युवक वहां खाना लेने पहुंचा, तो वह बिना किसी बात के डिलीवरी बॉय पर भड़कने लगा। पास खड़े सुदामा ने जब यह मंजर देखा, तो आरोपी युवक उस पर भी उबल पड़ा और बहस करने लगा कि "तू मुझे देख क्यों रहा है?"
मामला बढ़ता देख सुदामा ने अपने भाई मुकेश को मदद के लिए बाहर बुलाया। बस इतनी सी बात पर आरोपी ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया। हद तो तब हो गई जब आरोपियों का एक और साथी 'काली थार' में सवार होकर फिल्मी स्टाइल में पहुंचा और आते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सीधे सुदामा के पैर में जा लगी और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। गोलियों की गूंज सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी सरेआम धमकियां देते हुए फरार हो गए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here