Edited By Vatika,Updated: 05 Mar, 2026 03:35 PM

बस स्टैंड के पास स्थित आरटीओ कार्यालय में गुरुवार को लोगों द्वारा भारी हंगामा
जालंधर(सोनू): बस स्टैंड के पास स्थित आरटीओ कार्यालय में गुरुवार को लोगों द्वारा भारी हंगामा किया गया। दफ्तर में कामकाज में हो रही देरी से परेशान लोगों ने नारेबाजी की और रोष प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार लाइसेंस और अन्य कामों के लिए सुबह से ही लोग लाइन में खड़े थे, लेकिन कई घंटों तक फाइलों पर काम नहीं हुआ। बस्ती दानिशमंदा निवासी कमल कुमार ने बताया कि वह सुबह 7 बजे लाइसेंस के काम के लिए दफ्तर पहुंचा था। उसकी फाइल 9 बजे लगाई गई, लेकिन दोपहर 12 बजे तक भी काम नहीं हुआ।
पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने स्टाफ से देरी का कारण पूछा तो कभी नेटवर्क खराब होने का बहाना बनाया गया और कभी चाय ब्रेक का हवाला दिया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारी भी ठीक से जवाब नहीं दे रहे हैं और बहस करने लगते हैं। एक अन्य व्यक्ति मुकेश कुमार ने बताया कि वह सुबह 9 बजे से लाइन में खड़ा है और 3 बार चक्कर लगा चुका है, लेकिन अभी तक उसका काम नहीं हुआ। वहीं RTO कार्यालय के कर्मचारियों का कहना है कि नेटवर्किंग का काम चल रहा है, जिसकी जानकारी लोगों को दे दी गई है। नेटवर्क की समस्या के कारण ही काम में देरी हो रही है। दफ्तर में बड़ी संख्या में लोग परेशान नजर आए और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।