Edited By Kalash,Updated: 03 Mar, 2026 01:46 PM

जालंधर के संतोखपुरा इलाके में डॉ. यशपाल के घर और कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
जालंधर (सोनू): जालंधर के संतोखपुरा इलाके में डॉ. यशपाल के घर और कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस गिरफ्तारी का खुलासा किया। आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह (पुत्र दलजीत सिंह) और लवप्रीत सिंह (पुत्र कुलवंत सिंह) के रूप में हुई है, जो अमृतसर के जंडियाला गुरु के गांव बडाला जोहल के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी जगजीत सिंह के खिलाफ पहले भी केस दर्ज है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी की रात करीब 1:40 बजे बाइक सवार इन दो हमलावरों ने डॉक्टर के घर और उनकी नई कार पर 10 गोलियां चलाई थी। घटना के समय आरोपियों की मोटरसाइकिल पर धार्मिक झंडा लगा हुआ था और गोलियां चलाने के बाद वे करतारपुर की तरफ फरार हो गए थे। पुलिस ने सी.सी.टी.वी. कैमरों की मदद से कार्रवाई करते हुए देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों से दो पिस्टल (एक 30 बोर और एक 32 बोर), मैगजीन और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने घटना के दौरान पहने गए कपड़े भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना 8 में BNS और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफ.आई.आर. नंबर 55 दर्ज की गई है। अब आरोपियों को माननीय कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उनसे अन्य वारदातों और हथियारों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here