Edited By Urmila,Updated: 25 Apr, 2026 01:29 PM

पायल की अनाज मंडी में रंगदारी के लिए की गई सनसनीखेज फायरिंग मामले में जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पायल (विनायक): पायल की अनाज मंडी में रंगदारी के लिए की गई सनसनीखेज फायरिंग मामले में जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार पुलिस ने इस मामले के मुख्य स्थानीय सूत्र/सहयोगी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही उसके कब्जे से 5 अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। मामले में विस्तृत खुलासा करने के लिए पुलिस द्वारा आज औपचारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जानी प्रस्तावित है।
जानकारी के मुताबिक यह गिरफ्तारी पहले से पकड़े गए आरोपियों से हुई गहन पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर की गई है। पुलिस को संदेह है कि गिरफ्तार आरोपी न केवल स्थानीय स्तर पर गिरोह के लिए काम कर रहा था, बल्कि हमलावरों को लॉजिस्टिक सपोर्ट, रेकी और ठिकाने उपलब्ध करवाने में भी अहम भूमिका निभा रहा था।
उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल 2026 को पायल की अनाज मंडी में एक आढ़ती की दुकान को निशाना बनाकर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैला दी थी। इस घटना को रंगदारी वसूली से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की थी।
इससे पहले भी पुलिस गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया था कि इस वारदात को पूरी योजना, रेकी और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया था कि गिरोह के तार विदेश में बैठे मास्टरमाइंड्स से जुड़े हैं, जो फोन कॉल्स और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए धमकियां देकर फिरौती की मांग करवाते थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ताजा गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क की जड़ें और गहराई तक उजागर होने की संभावना है। बरामद हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका इस्तेमाल किन-किन वारदातों में हुआ है। जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि “गैंगस्टरों पर वार” मुहिम के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि आगामी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस केस से जुड़े कई अहम खुलासे किए जाएंगे, जिनसे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है, वहीं व्यापारियों और आम जनता में भी राहत का माहौल देखा जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here