Edited By Kamini,Updated: 05 Aug, 2026 11:23 AM

माल वाहक ट्राले में लोड लोहे की सिल्लियों में से माल चोरी करने का मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): माल वाहक ट्राले में लोड लोहे की सिल्लियों में से माल चोरी करने का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी के ही ड्राइवर के खिलाफ अमानत में खयानत और चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता (ट्रांसपोर्टर) राजकुमार ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है। आरोपी भूपिंदर सिंह उनकी कंपनी के ट्राले पर बतौर ड्राइवर तैनात है। बीती 1 अगस्त को ड्राइवर भूपिंदर सिंह ने किले रायपुर से 26 टन 900 किलोग्राम लोहे की सिल्लियां ट्राले में लोड की थीं। यह माल लुधियाना स्थित फोकल प्वाइंट में 'इंदर मल अग्रवाल एंड संज' के पास पहुंचाया जाना था। जब ट्राला फोकल प्वाइंट स्थित फैक्ट्री में पहुंचा और माल की अनलोडिंग करवाई गई, तो लोहे के वजन में गड़बड़ी पाई गई।
पड़ताल करने पर पता चला कि कुल लोड में से 240 किलोग्राम लोहे की सिल्लियां गायब थीं। जब उसने अपने स्तर पर जांच की तो साफ हुआ कि रास्ते में ड्राइवर भूपिंदर सिंह ने खुद ही ट्राले में से लोहे की सिल्लियां उतार लीं और उन्हें चोरी से बेच दिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here