Edited By Vatika,Updated: 09 Aug, 2026 02:02 PM

टिब्बा रोड इलाके में प्राचीन गौशाला के पास कार से घेरकर 25 वर्षीय हरजिंदर सिंह की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर
लुधियाना (राज) : टिब्बा रोड इलाके में प्राचीन गौशाला के पास कार से घेरकर 25 वर्षीय हरजिंदर सिंह की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर की गई निर्मम हत्या के मामले में रविवार को माहौल बेहद गरमा गया। पुलिस द्वारा आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी न किए जाने से भडक़े पीडि़त परिवार और इलाका निवासियों ने जोधेवाल बस्ती चौक पर मेन हाईवे जाम कर दिया और ट्रैफिक पूरी तरह ठप्प कर दिया।
पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे और न ही उसका अंतिम संस्कार करेंगे
प्रदर्शन कर रहे पीडि़त परिवार, दोस्तों और इलाका निवासियों का कहना है कि वारदात को हुए 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है और पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस आरोपियों को पकडऩे में नाकाम साबित हो रही है। जब तक हत्या में शामिल सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक प्रदर्शन खत्म नहीं किया जाएगा। वे मृतक हरजिंदर सिंह के शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे और न ही उसका अंतिम संस्कार करेंगे।
सिद्धू मूसेवाला की तरह घेरकर किया बेटे को छलनी
पिता ने आरोप लगाया है कि करीब 3 महीने पहले हुए एक विवाद की रंजिश के चलते उनके बेटे को रास्ते में घेरकर गोलियां मारी गईं। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने उनके बेटे को सिद्धू मूसेवाला की तरह घेरकर 5 गोलियों से छलनी कर दिया। मृतक के पिता ने बताया कि करीब 3 महीने पहले उनका बेटा अपने एक दोस्त का झगड़ा सुलझाने के लिए गया था। इस दौरान दूसरे पक्ष के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। पिता का आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश रखते हुए आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें
जोधेवाल बस्ती चौक जैसे मुख्य हाईवे पर धरना दिए जाने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों द्वारा पीडि़त परिवार को शांत करने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा देने और हाईवे से धरना उठाने के लिए लगातार समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।