Edited By Vatika,Updated: 27 Jul, 2026 10:37 AM

कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में बिजली की सप्लाई व्यवस्था का पूरी तरह से जनाजा निकला हुआ है
लुधियाना(खुराना): कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में बिजली की सप्लाई व्यवस्था का पूरी तरह से जनाजा निकला हुआ है। हालात यह बने हुए हैं कि लगातार कई कई घंटे तक बिजली की सप्लाई नहीं आने के कारण लोगों को पीने वाले पानी के साथ ही अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है l
पिछले 5 दिनों से बिजली की सप्लाई व वोल्टेज कम होने की समस्या से जूझ रहे हरगोविंद नगर के इलाका निवासी पार्षद गौरवजीत सिंह गोरा की अगवाई में रविवार की देर रात को सड़कों पर उतर आए। इस दौरान गुस्से में भड़के लोगों ने श्रृंगार सिनेमा रोड पर धरना प्रदर्शन करते हुए पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की l उन्होंने कहा पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना में हालात आदिवासी इलाकों जैसे बने हुए हैं यहां पर लोगों को बिजली बंद होने के कारण पीने वाले पानी की बूंद बूंद के लिए तरसना पड़ा है। आधी रात के समय बिजली बंद होने के चलते भड़ास भरी गर्मी में छोटे छोटे बच्चे रो रोकर बुरी तरह से बिलख रहे हैं। वही रोजाना के जरूरी काम भी नहीं हो पा रहे हैं l इलाका निवासियों ने सरकार और पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन के उच्च अधिकारियों को चेतावनी दी है कि अगर जल्द बिजली की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इलाका निवासी मिलकर पावर कॉम कार्यालय का घेराव करेंगे l