Edited By Kamini,Updated: 27 Jul, 2026 01:09 PM

पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब बंद का असर लुधियाना में देखने को मिल रहा है।
लुधियाना (हितेश) : पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब बंद का असर लुधियाना में देखने को मिल रहा है। प्रदेशभर में जारी रोष के बीच इसका असर जिले में भी देखने को मिला। वाल्मीकि संगठनों द्वारा 27 जुलाई को दिए गए पंजाब बंद के चलते आज लुधियाना में भी सफाई कर्मचारियों द्वारा रोष प्रदर्शन किया गया।
आज सुबह ही सफाई कर्मचारियों द्वारा लुधियाना अलग-अलग इलाकों में जाकर अन्य सफाई कर्मचारियों को काम करने से रोका गया और उसके बाद माता रानी चौक में भारी संख्या में इकट्ठे होकर रोषर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और बरनाला मामले पर तुरन्त कार्रवाई की मांग की गई। वाल्मीकि समाज की मांग है कि बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
आपको बता दें कि, सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए, जिनमें महिला सफाई कर्मचारी भी शामिल हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here