Edited By Vatika,Updated: 21 Jul, 2026 02:59 PM

महानगर के आलमगीर रोड पर रोजाना हो रही झपटमारी और चोरी की वारदातों से उक चुकी जनता का गुस्सा आखिरकार
लुधियाना (राज): महानगर के आलमगीर रोड पर रोजाना हो रही झपटमारी और चोरी की वारदातों से उक चुकी जनता का गुस्सा आखिरकार सोमवार शाम सड़कों पर भड़क उठा। यहाँ बाइक सवार यात्रियों का मोबाइल छीनकर भाग रहे तीन शातिर झपटमारों को जांबाज बाइक सवारों ने खदेड़कर दबोच लिया। वारदात के दौरान दो आरोपी मौका पाकर फरार हो गए, लेकिन एक लुटेरा जनता के चढ़ गया। भड़की हुई भीड़ ने आरोपी के कपड़े उतारकर उसे अर्द्धनग्न हालत में बिजली के खंभे से बांध दिया और सरेबाजार उसकी जमकर धुनाई की। करीब दो घंटे तक चले इस हाई-प्रोफाइल 'ऑन-द-स्पॉट' ड्रामे के बाद आरोपी के परिजन मौके पर पहुंचे और हाथ जोड़कर उसे अपने साथ ले गए। हैरानी की बात यह रही कि जनता ने पुलिस के ढीले रवैये से खफा होकर कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई।
भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए आरोपी के कपड़े उतारे
पीड़ित मोटरसाइकिल सवार किसी निजी यात्रा पर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक आलमगीर रोड के पास पहुंची, तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे 3 नकाबपोश झपटमारों ने उन्हें अचानक घेर लिया। बदमाशों ने तेजी दिखाते हुए एक बाइक सवार के हाथ से उसका महंगा स्मार्टफोन छीन लिया और भागने लगे। लेकिन झपटमारों को क्या पता था कि इस बार उनका सामना आम नागरिकों के बजाय जांबाज युवकों से हुआ है। बाइक सवारों ने बिना समय गंवाए अपनी गाड़ी मोड़ी और भाग रहे लुटेरों का पीछा करना शुरू कर दिया। जांबाज बाइक सवारों ने कुछ ही दूरी पर लुटेरों को घेर लिया और उनसे छीना हुआ मोबाइल फोन वापस बरामद कर लिया। इसी धक्का-मुक्की के दौरान दो झपटमार तंग गलियों के रास्ते भागने में कामयाब रहे, लेकिन तीसरे लुटेरे को युवकों और स्थानीय दुकानदारों ने मौके पर ही दबोच लिया। रोज-रोज की स्नेचिंग से परेशान इलाके के लोग भारी संख्या में इकट्ठा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए आरोपी के कपड़े उतार दिए और उसे सरेबाजार अर्द्धनग्न हालत में खंभे से बांध दिया।
लोगों का गुस्सा भड़क गया और उसकी दोबारा धुनाई की
इसके बाद गुस्साए लोगों ने उस पर मुक्कों और डंडों की बरसात कर दी।शुरुआत में आरोपी खुद को बेकसूर बताता रहा और अपना पता छुपाता रहा, लेकिन जब भीड़ ने सख्ती दिखाई, तो उसने थर-थर कांपते हुए अपने गुनाहों का कबूलनामा कर दिया। आरोपी ने कबूला कि वे 4 शातिर लुटेरों का एक संगठित गिरोह चलाते हैं, जो आलमगीर रोड और आस-पास के इलाकों में हथियार दिखाकर मोबाइल झपटते हैं। इसी दौरान भीड़ में से कुछ अन्य लोग भी आगे आए और उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले हफ्ते इसी शख्स ने हथियार दिखाकर उनका भी मोबाइल छीना था। इसके बाद लोगों का गुस्सा और भड़क गया और उसकी दोबारा धुनाई की गई। करीब दो घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद आरोपी युवक के परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों ने हाथ जोड़कर और भीड़ के आगे गुहार लगाकर युवक को खंभे से खुलवाया और अपने साथ ले गए। इस पूरी घटना की सबसे बड़ी और कड़वी हकीकत यह रही कि स्थानीय लोगों और पीड़ितों ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी।