Edited By Vatika,Updated: 14 Jul, 2026 12:06 PM

महानगर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए और सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों व नशेड़ियों
लुधियाना (राज): महानगर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए और सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों व नशेड़ियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बार बेखौफ चोरों ने सलेम टाबरी इलाके में स्थित 'गुरु अमरदास डिस्पेंसरी' (आम आदमी क्लीनिक) को अपना निशाना बनाया। रात के सन्नाटे में क्लीनिक का ताला और अंदरूनी दरवाजे तोड़कर घुसे चोरों ने वहां से टुल्लू पंप, फ्रिज का स्टेबलाइजर और पानी की कीमती टोटियां उड़ा लीं। शातिर चोर सिर्फ सामान चोरी करके ही नहीं भागे, बल्कि उन्होंने क्लीनिक के भीतर सरकारी सामान की बेरहमी से तोड़फोड़ भी की, जिससे स्वास्थ्य विभाग को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में सक्रिय नशा करने वाले युवक अपनी लत को पूरा करने के लिए ऐसी ओछी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। थाना सलेम टाबरी पुलिस को दी गई अपनी आधिकारिक और लिखित शिकायत में क्लीनिक के प्रभारी डॉ. आकाशदीप सिंह ने बताया कि बीती 9 और 10 जून की दरमियानी रात को रोज की तरह क्लीनिक बंद था। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात शातिर चोर डिस्पेंसरी की दीवार फांदकर भीतर दाखिल हो गए। आरोपियों ने सबसे पहले क्लीनिक का मुख्य अंदरूनी सुरक्षा दरवाजा किसी भारी औजार से तोड़ डाला और भीतर रखे सरकारी सामान पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया।
डॉ. आकाशदीप के मुताबिक, चोरों ने क्लीनिक के भीतर से 01 पानी का टुल्लू पंप, 01 फ्रिज का मुख्य बिजली स्टेबलाइजर, करीब 08 पानी की कीमती स्टील टोटियां चोरी करने के बाद आरोपियों ने 02 महंगे वॉश बेसिन को पटककर तोड़ दिया, क्लीनिक के 03 अंदरूनी दरवाजों को क्षतिग्रस्त कर दिया और एल्यूमीनियम की बनी मुख्य मेज के दराजों को लोहे की रॉड से उखाड़ डाला ताकि भीतर रखी नगदी या दवाइयां ढूंढ सकें। थाना सलेम टाबरी कीपुलिस ने डॉ. आकाशदीप सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 331(3) (रात के समय जबरन घर में घुसना) और धारा 305 (चोरी) के तहत संगीन मुकदमा दर्ज कर लिया है।