लुधियाना में हाईटेक चोरी: हरियाणा बैठे मालिक के मोबाइल पर बजा 'सिक्योरिटी अलार्म', लाइव CCTV देखा तो उड़े होश

Edited By Vatika,Updated: 03 Jul, 2026 08:40 AM

robbery at ludhiana

महानगर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे बंद घरों को बड़ी चालाकी से निशाना बना रहे हैं।

लुधियाना(राज): महानगर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे बंद घरों को बड़ी चालाकी से निशाना बना रहे हैं। लेकिन इस बार एक हाईटेक सुरक्षा सिस्टम की बदौलत चोरों की लाइव करतूत सीधे मकान मालिक के मोबाइल फोन पर कैद हो गई। जब पीड़ित परिवार हरियाणा के करनाल गया हुआ था, तो पीछे से लुधियाना स्थित उनके घर में दो चोर घुस गए। रात के सन्नाटे में जैसे ही घर का सिक्योरिटी अलार्म बजा, पीड़ित ने करनाल में बैठे-बैठे अपने मोबाइल पर घर के सीसीटीवी कैमरे ऑन कर दिए, जहाँ चोर सरेआम अलमारियां खंगालते नजर आए। चोर लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार होने में कामयाब रहे, लेकिन उनका बाइक नंबर पुलिस हाथ लग गया है।

नोटिफिकेशन आते घर में लगा 'सिक्योरिटी अलार्म' बज उठा
पुलिस को दिए अपने बयानों में शिकायतकर्ता यशपाल ने बताया कि वह बीते दिनों अपने पूरे परिवार के साथ किसी काम के सिलसिले में करनाल (हरियाणा) गया हुआ था। 2 जुलाई की रात (तड़के सुबह) करीब 2:36 बजे अचानक उसके मोबाइल फोन पर एक नोटिफिकेशन आया और घर में लगा 'सिक्योरिटी अलार्म' बज उठा। मुद्दई ने बिना एक सेकंड गंवाए तुरंत अपने मोबाइल पर घर के लाइव सीसीटीवी कैमरे चेक किए। कैमरे ऑन करते ही उसके होश उड़ गए; घर के भीतर दो अज्ञात लड़के अलमारियों को खंगाल रहे थे। जब पीड़ित परिवार करनाल से आनन-फानन में वापस लुधियाना अपने घर पहुँचा, तो कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने बेडरूम में रखी लकड़ी की अलमारी के ताले तोड़कर भीतर रखा भारी-भरकम कीमती सामान साफ कर दिया था।

कैमरों की मदद से चोरों की बाइक का नंबर किया ट्रेस 
पीड़ित के मुताबिक चोर अलमारी में से करीब 3 तोले वजनी सोने की एक चेन और करीब 1.5 तोले वजनी सोने की अंगूठियां,  करीब 2 तोले वजनी चांदी के दो सिक्के और चांदी के पैर पायल, दो लेडीज घड़ियां और ₹7,000 कैश, इन सभी कीमती सामानों को दोनों शातिर चोर समेटकर रफूचक्कर हो गए। इस पूरी वारदात की सीसीटीवी फुटेज को जब बारीकी से खंगाला गया, तो दोनों चोर हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते और भागते हुए साफ दिखाई दिए। कैमरों की मदद से चोरों की बाइक का नंबर PB-10-EG-3847 पूरी तरह से ट्रेस हो गया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना दुगरी की पुलिस ने चोरी का मुक़दमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि बाइक के रजिस्टर्ड नंबर और सीसीटीवी में आए चोरों के हुलिए के आधार पर उनके ठिकानों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को बहुत जल्द चोरी के माल समेत दबोच कर सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!