Edited By Vatika,Updated: 24 Jul, 2026 09:01 AM

साहनेवाल रोड पर स्थित एक प्राइवेट इंफ्राकॉन प्लांट में दर्दनाक हादसा सामने आया है
लुधियाना (राज): साहनेवाल रोड पर स्थित एक प्राइवेट इंफ्राकॉन प्लांट में दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ काम के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर बिजली के तारों और मशीनरी के सही रखरखाव न करने तथा भारी लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता रियाज अहमद के बयान के अनुसार, उनका भतीजा मोहम्मद इरफान गांव पड्डी में स्थित 'सोमिया इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड' (आर.एस.सी. प्लांट) में बतौर हेल्पर काम करता था। बीती 5 जुलाई को वह प्लांट में लगी मिक्सर मशीन की हैमर मशीन से सफाई कर रहा था। सफाई के दौरान हैमर मशीन से जुड़ी बिजली की तार कहीं से नंगी या खराब होने के कारण अचानक उसमें करंट उतर आया, जिसकी चपेट में मोहम्मद इरफान आ गया।
करंट का जोरदार झटका लगने से वह सीधे मिक्सर मशीन के अंदर जा गिरा और गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के तुरंत बाद उसे इलाज के लिए गुरु नानक चैरिटेबल अस्पताल, डेहलों ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पीड़ित के चाचा ने आरोप लगाया है कि प्लांट प्रबंधन द्वारा बिजली की तारों और मशीनरी की सही ढंग से देखरेख व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। नंगी तार को ठीक न करने जैसी सरासर लापरवाही के कारण ही उनके भतीजे की जान गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।