Edited By Subhash Kapoor,Updated: 23 Jul, 2026 01:09 AM

गांव खन्याण में घर के अंदर गेहूं में रखी जाने वाली दवा के प्रभाव में आने से 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतक 4 वर्षीय मनराज सिंह का आज देर शाम गांव...
अमलोह (सुरेश): गांव खन्याण में घर के अंदर गेहूं में रखी जाने वाली दवा के प्रभाव में आने से 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतक 4 वर्षीय मनराज सिंह का आज देर शाम गांव खन्याण में अंतिम संस्कार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी के कारण 2 भाइयों के परिवार घर में एयर कंडीशनर (एसी) चलाकर सो रहे थे। जिस कमरे में वे सो रहे थे, उसके पास बने स्टोर में गेहूं का ड्रम रखा हुआ था, जिसमें कीटनाशक दवा डाली गई थी। थाना अमलोह के जांच अधिकारी ए.एस.आई. जसवीर सिंह ने बताया कि 13 दिन की नवजात बच्ची की 20 जुलाई को ही मौत हो गई थी, जबकि आज 4 वर्षीय मनराज सिंह पुत्र जतिंदर सिंह ने भी दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि हरजंस कौर पुत्री जतिंदर सिंह, सुमीत कौर पुत्री रुपिंदर सिंह तथा इकविंदर कौर पत्नी रुपिंदर सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें उपचार के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल रेफर किया गया है। इस संबंध में जतिंदर सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह के बयानों के आधार पर डी.डी.आर. दर्ज की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही एस.डी.एम. अमलोह हरवीर कौर बराड़, नायब तहसीलदार मंडी गोबिंदगढ़ करमजीत सिंह तथा पुलिस पार्टी ने गांव खन्याण पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। तहसीलदार अमलोह विकास शर्मा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके से विभिन्न वस्तुओं के नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत का वास्तविक कारण क्या था।
