Edited By Vatika,Updated: 05 Aug, 2026 11:36 AM

पूजा का सामान लेने मां को बाहर भेजा, भाई को कमरे से निकाला; भूत भगाने का झांसा देकर...
लुधियाना (राज): विदेश से पंजाब आई एक एनआरआई (NRI) युवती के साथ लुधियाना के प्रसिद्ध 'होटल रेडिसन ब्लू' के कमरे में ढोंगी पंडित द्वारा दुष्कर्म का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पंडित ने पूजा कराने के बहाने पीड़िता की मां और भाई को कमरे से बाहर भेज दिया और कमरे में अकेली बची युवती को 'शरीर में भूत होने' का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाकर बाहर भागी और अपने परिवार को आपबीती बताई। थाना सराभा नगर की पुलिस ने शिकायत के आधार पर न्यू दीप नगर के आरोपी पंडित राहुल सूद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
"तेरे अंदर 2 भूत हैं, मैं उन भूतों को तेरे शरीर से बाहर निकाल दूंगा"
पुलिस को दिए बयानों में पीड़िता ने बताया कि वह कनाडा में रहती है और हाल ही में पंजाब आई है। उसने अपनी माता कविता नारंग और छोटे भाई के साथ मिलकर भाई की सुख-समृद्धि के लिए पूजा का आयोजन रखा था। इसके लिए उन्होंने फिरोजपुर रोड स्थित होटल रेडिसन ब्लू के एक रूम में पूजा रखी थी। पूजा करवाने के लिए पंडित राहुल सूद को बुलाया गया था। पीड़िता के अनुसार, पूजा शुरू करने से पहले आरोपी पंडित राहुल सूद ने चालाकी से उसकी मां को बाहर से पूजा का सामान लाने के लिए भेज दिया और उसके छोटे भाई को भी कमरे से बाहर जाकर बैठने को कह दिया। कमरे में अकेला पाकर आरोपी पंडित राहुल सूद की नीयत बिगड़ गई। उसने युवती से कहा कि "तेरे अंदर 2 भूत हैं, मैं उन भूतों को तेरे शरीर से बाहर निकाल दूंगा।" यह कहकर उसने ढोंग रचाया और पीड़िता के दोनों हाथ जबरन पकड़ लिए। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरदस्ती दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
होटल के कमरे और कॉरिडोर के खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज
आरोपी की नीयत भांपते ही युवती ने अपनी पूरी ताकत लगाकर खुद को आरोपी पंडित के चंगुल से छुड़वाया और बदहवास हालत में कमरे से बाहर की तरफ भागी। बाहर आकर उसने अपनी मां और भाई को आरोपी की इस घिनौनी करतूत के बारे में बताया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पंडित राहुल सूद के खिलाफ महिला से छेड़छाड़, जबरदस्ती दुष्कर्म का प्रयास करने और धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर धोखाधड़ी/प्रताड़ना करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल के कमरे और कॉरिडोर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी पंडित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।