Edited By Kalash,Updated: 03 Nov, 2026 02:24 PM

महानगर के शिंगार सिनेमा रोड स्थित हरचरण नगर में थार सवार युवक पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मोड़ ले लिया।
लुधियाना (राज): महानगर के शिंगार सिनेमा रोड स्थित हरचरण नगर में थार सवार युवक पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मोड़ ले लिया। परिजनों द्वारा अपने बॉयफ्रेंड पर जानलेवा हमला करवाने और 15-20 राउंड गोलियां चलवाने से गहरे सदमे में आई 23 वर्षीय युवती रैना धीर ने जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली। युवती को गंभीर हालत में सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर संगीन आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत तफ्तीश शुरू कर दी है।
बॉयफ्रेंड का आरोप: 'केक काटने बुलाया था, मां के ललकारने पर 25-30 गुंडों ने थार पर बरसाईं गोलियां'
वामिका एंटरप्राइज (नट-बोल्ट फैक्ट्री) के संचालक और हैबोवाल निवासी दिव्यांशु बग्गा ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि 2 नवंबर को उसका जन्मदिन था। दिव्यांशु के मुताबिक, उसकी दोस्त रैना धीर ने फोन कर उसे जन्मदिन का केक काटने के लिए अपने घर की गली में बुलाया था। रात करीब 12:30 बजे जैसे ही वह अपनी महिंद्रा थार लेकर हरचरण नगर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे 25 से 30 हथियारबंद युवकों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। दिव्यांशु का आरोप है कि यह हमला लड़की के भाई रोहन धीर ने अपनी मां सीमा रानी के उकसाने पर करवाया। उसने दावा किया कि लड़की की मां ने चिल्लाते हुए कहा, "मारो इसे, आज यहां से इसकी लाश ही जानी चाहिए।" इसके बाद हमलावरों ने गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके और 15 से 20 राउंड अंधाधुंध गोलियां चलाईं। गोलियों से टायर फटने के बावजूद वह गाड़ी भगाकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। दिव्यांशु ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच खाटू श्याम यात्रा के दौरान जान-पहचान हुई थी और वहीं से उनकी दोस्ती शुरू हुई थी। युवक का कहना है कि परिजनों के इस खूनी कदम और अपने प्रेमी पर गोलियां चलवाने से नाराज होकर रैना ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
भाई का पलटवार: 'बहन को 3 महीने से कर रहा था प्रताड़ित, हमारे ऊपर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की'
दूसरी ओर, युवती की मौत के बाद सिविल अस्पताल पहुंचे मृतका के भाई रोहन धीर ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दिव्यांशु पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रोहन ने बताया कि उसकी बहन 22-23 साल की पढ़ी-लिखी लड़की थी। आरोपी दिव्यांशु पिछले 3 महीनों से गली में आकर उसकी बहन को लगातार परेशान और प्रताड़ित कर रहा था। रोहन के अनुसार, उन्होंने और परिवार ने आरोपी व उसके रिश्तेदारों को 10-15 बार समझाया, लेकिन उसने छेड़छाड़ बंद नहीं की। भाई ने आरोप लगाया, "कल रात वह हमारे घर के बाहर आकर तेज आवाज में गाने बजा रहा था, शराब पी और घंटी बजाई। जब हम बाहर निकले तो उसने अपने साथियों के साथ हम पर थार चढ़ाने की कोशिश की। उसने हैबोवाल से 8-10 लड़के बुलाकर हम पर फायरिंग भी करवाई, जबकि हमारे परिवार की तरफ से कोई गोली नहीं चलाई गई।" रोहन ने दावा किया कि उसके पास आरोपी द्वारा भेजे गए अनुचित संदेशों और 2 महीने की ऑडियो रिकॉर्डिंग के पुख्ता सबूत हैं। भाई ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी बहन को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपी को उम्रकैद की सजा दी जाए।
सीएमसी अस्पताल पहुंची पुलिस, बयानों के आधार पर FIR की प्रक्रिया जारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-3 के सब-इंस्पेक्टर (SI) हरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ सीएमसी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।सब-इंस्पेक्टर हरपाल सिंह ने बताया कि हरचरण नगर की 23 वर्षीय युवती रैना धीर द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मृतका के परिजनों ने अपने प्राथमिक बयानों में आरोप लगाया है कि दिव्यांशु बग्गा नाम का युवक उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था, जिसके मानसिक तनाव के चलते युवती ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात को हुए कथित हमले और गोलीबारी के तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की रिकॉर्डिंग को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here