Edited By Kamini,Updated: 24 Sep, 2026 12:10 PM

पीड़ित युवक प्रभजोत सिंह की मां सुरिंदर कौर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर युवतियों की तलाश शुरू कर दी है।
लुधियाना (राज): सिविल अस्पताल के निकट एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक पर झूठा आरोप लगाकर कुछ युवतियों ने सरेराह उसकी एक्टिवा छीन ली और मौके से फरार हो गईं। पीड़ित युवक ने बताया कि, वह एक बेकरी के बाहर खड़े होकर पैटीज खा रहा था, तभी युवतियों ने 'हमारे आस-पास क्यों घूम रहा है' यह कह कर ड्रामा खड़ा कर दिया और वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित युवक प्रभजोत सिंह की मां सुरिंदर कौर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर युवतियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में सुरिंदर कौर ने बताया कि घटना 17 जुलाई की है, उनका बेटा प्रभजोत सिंह अपनी होंडा एक्टिवा पर सवार होकर किसी काम के सिलसिले में गया हुआ था। जब वह जेल रोड स्थित सिविल अस्पताल के नजदीक 'बीकानेर बेकरी' के पास पहुंचा, तो उसने अपनी एक्टिवा बाहर साइड में खड़ी की और बेकरी से पैटीज लेकर खाने लगा। इसी दौरान वहां कुछ युवतियां आ पहुंचीं और उन्होंने बेवजह प्रभजोत को घेर लिया। आरोपी युवतियों ने प्रभजोत पर झूठा आरोप मढ़ते हुए ऊंची आवाज में बोलना शुरू कर दिया कि, "तू हमारे आस-पास चक्कर क्यों लगा रहा है?" प्रभजोत ने जब सफाई दी कि वह सिर्फ बेकरी से पैटीज खा रहा है और उसका उनसे कोई लेना-देना नहीं है, तो युवतियां तैश में आ गईं।
युवतियों ने सरेआम सड़क पर हंगामा खड़ा कर दिया और माहौल का फायदा उठाते हुए प्रभजोत के हाथ से जबरन एक्टिवा की चाबी छीन ली। इससे पहले कि प्रभजोत शोर मचाकर राहगीरों या दुकानदारों को इकट्ठा कर पाता, आरोपी युवतियां उसकी एक्टिवा स्टार्ट कर तेजी से मौके से फरार हो गईं। पुलिस सिविल अस्पताल के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि स्कूटी लेकर भागने वाली युवतियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके और छीनी गई एक्टिवा बरामद की जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here