Edited By Vatika,Updated: 14 Sep, 2026 09:41 AM

दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया। घर के बाहर गली में अन्य बच्चों
खन्ना/लुधियाना (आज): पुलिस जिला खन्ना के अधीन आते नजदीकी गांव भादला की बाजीगर बस्ती में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। घर के बाहर गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रहे महज 3 वर्षीय मासूम बच्चे को एक तेज रफ्तार कार चालक ने बेरहमी से कुचल दिया। खून से लथपथ बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चा तीन बहनों का इकलौता भाई था।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजनों ने अस्पताल के बाहर खड़ी आरोपी की कार में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। मृतक बच्चे की पहचान 3 वर्षीय परमवीर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम परमवीर अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल-कूद रहा था। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति बलविंदर सिंह अपनी कार लेकर गली में दाखिल हुआ। कार की रफ्तार इतनी तेज और अनियंत्रित थी कि परमवीर सीधे पहियों की चपेट में आ गया। पहिया ऊपर से गुजरने के कारण बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े और कार चालक की मदद से ही आनन-फानन में बच्चे को खन्ना के सिविल अस्पताल पहुंचाया, मगर सिर और शरीर पर लगे गहरे घावों के चलते उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। परमवीर तीन बहनों का सबसे छोटा और इकलौता भाई था। जैसे ही डॉक्टरों ने उसके निधन की पुष्टि की, अस्पताल परिसर में परिजनों की चीखों से माहौल गमगीन हो गया। बहनें और मां बेसुध होकर फर्श पर गिर पड़ीं। पूरे गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद गहरा शोक व्याप्त हो गया है और हर आंख नम नजर आई।
'शराब के नशे में धुत था चालक, पहले भी कई बार समझाया था'
मृतक बच्चे के पिता और रिश्तेदारों टिंकू व प्रिंस ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि कार चालक बलविंदर सिंह घटना के समय शराब के नशे में पूरी तरह धुत था। रिश्तेदारों का कहना है कि आरोपी पहले भी बस्ती की संकरी गलियों में बेतहाशा रफ्तार से गाड़ी दौड़ाता था। मोहल्ले के लोगों ने उसे कई बार बच्चों की सुरक्षा का हवाला देकर गाड़ी धीमी चलाने की हिदायत दी थी, लेकिन वह अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा लोगों से झगड़ने और उलझने लगता था। इसी लापरवाही ने आज एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया।
अस्पताल के बाहर कार में तोड़फोड़, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
मासूम की मौत से गुस्साए परिजनों और रिश्तेदारों का सब्र टूट गया। उन्होंने सिविल अस्पताल की पार्किंग में खड़ी आरोपी बलविंदर सिंह की कार पर लाठी-डंडों से हमला कर उसके सभी शीशे और बॉडी चकनाचूर कर दी। अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई। एसएचओ विजय पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक बलविंदर सिंह को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।