Edited By Vatika,Updated: 07 Sep, 2026 09:13 AM

महानगर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
लुधियाना (राज): महानगर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। फेज-2 दुगरी इलाके में स्थित महाराजा प्लाजो होटल के नजदीक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 72 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद अज्ञात चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए अपने आधिकारिक बयानों में बताया कि उसका भाई तजिंदर सिंह (उम्र करीब 72 वर्ष) 5 सितंबर 2026 की रात को महाराजा प्लाजो होटल, फेज-2 दुगरी के पास से जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन के चालक ने अपने वाहन को अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए तजिंदर सिंह को सीधी टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर जा गिरे और उनके सिर पर गहरी व जानलेवा चोट लगी।
अत्यधिक खून बह जाने के कारण तजिंदर सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। राहगीरों के इकट्ठा होने से पहले ही आरोपी चालक अपने वाहन को तेजी से भगाते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने मृतक के भाई के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महाराजा प्लाजो होटल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है ताकि आरोपी वाहन के नंबर व चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।