Edited By Vatika,Updated: 08 Sep, 2026 08:45 AM

इस्लाम गंज इलाके में सवारियां बिठाने को लेकर ऑटो चालकों के बीच हुआ विवाद रविवार देर रात खूनी संघर्ष
लुधियाना(राज): इस्लाम गंज इलाके में सवारियां बिठाने को लेकर ऑटो चालकों के बीच हुआ विवाद रविवार देर रात खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इलाके में रहने वाले 45 वर्षीय ऑटो चालक जसपाल सिंह पर करीब चार हथियारबंद युवकों ने तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया। पीड़ित अपनी जान बचाने के लिए एक पड़ोसी के घर में घुसा, लेकिन हमलावरों ने घर के भीतर घुसकर उसे घेर लिया और सिर पर घातक वार कर लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित जसपाल सिंह ने बताया कि रविवार देर रात वह मोहल्ले में ही रहने वाले एक व्यक्ति के घर मासिक कमेटी की किस्त देने जा रहा था। जैसे ही वह उस मकान के करीब पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे युवकों के एक समूह ने उसे घेर लिया और हमला बोल दिया। जसपाल के अनुसार, हमलावरों में एक युवक उसका पुराना परिचित था। पीड़ित जसपाल सिंह ने बताया—"हमला होते ही मैं अपनी जान बचाने के लिए सामने वाले घर के अंदर भागा, लेकिन हमलावर हथियारों समेत मेरे पीछे घर में घुस आए। जब एक आरोपी ने मुझ पर तेजधार हथियार से पहला वार किया, तो मैंने उसका हाथ पकड़ लिया। तभी दूसरे आरोपी ने मेरे सिर पर पीछे से जोरदार वार कर दिया, जिससे मैं बेदम हो गया और मुकाबला नहीं कर सका। इसके बाद सभी ने मिलकर मुझ पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए और मुझे मरा समझकर फरार हो गए।"
मामले की जानकारी देते हुए थाना डिवीजन नंबर 2 के एसएचओ सब-इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को पीड़ित पक्ष से शिकायत प्राप्त हुई है। प्राथमिक जांच के अनुसार, पीड़ित और हमलावर दोनों ऑटो चालक हैं। रेलवे स्टेशन के आसपास सवारियां बिठाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कुछ समय पहले विवाद हुआ था, जिसने रविवार रात हिंसक रूप ले लिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक मुख्य आरोपी शिमलापुरी इलाके का रहने वाला है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी