Edited By Vatika,Updated: 14 Sep, 2026 09:06 AM

होटल के हॉल में ताश के पत्तों पर लाखों रुपये का दांव लगवाया जा रहा था और
लुधियाना (राज): महानगर के आरके रोड स्थित 'येलो चिली' (Yellow Chilly) होटल में गैर-कानूनी ढंग से चल रहे बड़े जुआ रैकेट और अवैध हुक्का बार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। होटल के हॉल में ताश के पत्तों पर लाखों रुपये का दांव लगवाया जा रहा था और साथ ही अवैध रूप से तंबाकू, हुक्का फ्लेवर व वेप परोसे जा रहे थे।
पुलिस पार्टी ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित रेड कर होटल के मैनेजर समेत ताश खेल रहे 11 आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने मौके से 2,40,000 रुपए की नकदी, 52 ताश के पत्ते और भारी मात्रा में हुक्के का सामान बरामद किया है। पुलिस ने होटल मालिक, मैनेजर और पकड़े गए जुआरियों के खिलाफ गैंबलिंग एक्ट और तंबाकू नियंत्रण कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, टीम इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के संबंध में गश्त पर रवाना थी। इसी दौरान एक पुख्ता मुखबिर ने सूचना दी कि आरके रोड स्थित 'येलो चिली' होटल का मालिक अपने होटल मैनेजर रॉबिन बुढ़ाछेत्री के साथ मिलकर अपने होटल के हॉल में बाहर से लोगों को बुलाकर जुआ खिला रहा है। सूचना यह भी थी कि वहां आने वाले जुआरियों को अवैध रूप से हुक्का, तंबाकू, सिगरेट, वेप और फ्लेवर आदि परोसे जा रहे हैं। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस टीम ने तुरंत योजनाबद्ध तरीके से होटल परिसर की घेराबंदी कर हॉल में दबिश दी।
रंगे हाथों पकड़े गए 11 आरोपी, टेबल से 2.40 लाख कैश व हुक्का सामग्री बरामद
पुलिस टीम के हॉल में दाखिल होते ही वहां भगदड़ मच गई। मेज पर ताश की गड्डियां बिछी हुई थीं और दांव पर लाखों रुपये की रकम लगी हुई थी। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से होटल मैनेजर सहित कुल 11 लोगों को काबू कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की सूची:
पुलिस द्वारा मौके से काबू किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1. रॉबिन बुढ़ाछेत्री (होटल मैनेजर) पुत्र हरी छेत्री, निवासी जनकपुरी, लुधियाना
2. सुरिंदर कुमार पुत्र महिंदर लाल, निवासी न्यू जनता नगर, लुधियाना
3. मोहित कुमार पुत्र पवन कुमार, निवासी गोविंद नगर, शिमलापुरी, लुधियाना
4. गुरमीत सिंह पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी दशमेश कॉलोनी, ललहेड़ी रोड, खन्ना
5. सिमरन सिंह पुत्र शरणजीत सिंह, निवासी न्यू अमर नगर, डाबा, लुधियाना
6. दीपक पुत्र गामा प्रसाद, निवासी विशाल बिहार कॉलोनी, टिब्बा रोड, लुधियाना
7. प्रदीप सिंह पुत्र कृपाल सिंह, निवासी गांव कुंभ धक्की, मंडी गोबिंदगढ़
8. साहिल अरोड़ा पुत्र विजय कुमार, निवासी तिलक नगर, राहों रोड, बस्ती जोधेवाल, लुधियाना
9. गुरलीन सिंह पुत्र बलदेव सिंह, निवासी गांव गिल, लुधियाना
(इसके अलावा मौके पर मौजूद हेमंत चितकारा, साहसी कुमार और अजीम साफी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।)
होटल मालिक की तलाश, दर्ज हुआ सख्त मुकदमा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होटल मालिक और मैनेजर द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए होटल परिसर में अवैध गतिविधियों, जुआ और हुक्का बार का संचालन किया जा रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फरार होटल मालिक की भूमिका की जांच की जा रही है और उसे भी जल्द नामजद कर गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि शहर में किसी भी होटल या क्लब में गैर-कानूनी जुआ या अवैध हुक्का बार चलने नहीं दिया जाएगा।