Edited By Urmila,Updated: 08 Jul, 2026 12:46 PM

अमृतसर के मजीठा में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक की उसके पिता, सौतेली मां और सौतेले भाइयों ने हत्या कर दी।
अमृतसर (रमन) : अमृतसर के मजीठा में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक की उसके पिता, सौतेली मां और सौतेले भाइयों ने हत्या कर दी। वारदात के दौरान मृतक की पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया गया, जिसके कारण वह उसे बचाने में असमर्थ रही। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंक दिया और घर में मौजूद खून के निशान मिटाने का प्रयास किया।
मृतक की पहचान आकाशदीप सिंह (26 साल) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता मलकीत सिंह और उसकी दूसरी पत्नी मनजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दोनों सौतेले बेटे जश्नदीप सिंह और गगनदीप सिंह अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
मकान को लेकर शुरू हुआ था विवाद
मृतक की पत्नी किरनदीप कौर ने पुलिस को बताया कि रविवार रात मकान को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान ससुर, सौतेली सास और दोनों देवरों ने आकाशदीप पर दात्तर और डंडों से हमला कर दिया। जब किरनदीप बीच-बचाव करने पहुंची, तो उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया। कमरे में कैद किरनदीप पूरी रात पति की चीखें सुनती रही।

दीवारों, फर्श और छत पर खून के छींटे
देर रात अचानक आवाजें बंद हो गईं। आरोपियों ने उसे बताया कि आकाशदीप को अस्पताल ले जाया गया है। उसके बाद उसकी सास उसे मामा के घर ले गई। सोमवार सुबह जब वह घर आई, तो मंजर देखकर हैरान रह गई। दीवारों, फर्श और छत पर खून के छींटे थे। आरोपी दीवारों पर सीमेंट-पेंट कर और फर्श धोकर सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस आ गई, जिसे गांव से ही किसी ने सूचना दी थी।
शव को गांव भोमा के पास नहर में फेंका
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि हत्या के बाद उन्होंने शव को गांव भोमा के पास नहर में फेंक दिया था। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीमें नहर में शव की तलाश कर रही हैं।
आकाशदीप जमानत पर जेल से घर लौटा था
डीएसपी ने बताया कि आकाशदीप 3 जुलाई को ही जमानत पर जेल से घर लौटा था। पुलिस ने मामले में हत्या और सबूत मिटाने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here