Edited By Kamini,Updated: 26 Mar, 2026 06:32 PM

पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के दिग्गज नेता जगदीश सिंह गरचा के परिवार की पुश्तैनी जमीन पर कब्जे की नीयत से बदमाशों द्वारा सरेआम गुंडागर्दी का नंगा नाच नाचने का मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के दिग्गज नेता जगदीश सिंह गरचा के परिवार की पुश्तैनी जमीन पर कब्जे की नीयत से बदमाशों द्वारा सरेआम गुंडागर्दी का नंगा नाच नाचने का मामला सामने आया है। गांव अय्याली कलां में स्थित इस बेशकीमती जमीन पर कुछ रसूखदार युवकों ने न केवल अवैध कब्जा करने की कोशिश की, बल्कि वहां मौजूद मजदूरों को जान से मारने की धमकियां देकर मौके से भगा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूर्व मंत्री के बेटे हरजिंदर सिंह गरचा की शिकायत पर आधा दर्जन नामजद आरोपियों और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में हरजिंदर सिंह ने बताया कि गांव अय्याली कलां में उनकी करीब 8 एकड़ पुश्तैनी जमीन है, जिसका मालिकाना हक और कब्जा शुरू से उनके पास ही है। यह जमीन सामरिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील बदोवाल छावनी के दायरे में आती है, जहां साल 1983 के नोटिफिकेशन और 2009 के हाईकोर्ट के आदेशों के मुताबिक किसी भी तरह के निर्माण पर सख्त पाबंदी है।
इसके बावजूद आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत इस सरकारी पाबंदी वाले क्षेत्र में घुसपैठ की और अवैध निर्माण की कोशिश की। आरोपियों ने न सिर्फ मजदूरों पर हमला बोला बल्कि मौके से सामान चोरी कर संपत्ति को भारी नुकसान भी पहुंचाया। इस मामले में पुलिस ने गांव हसनपुर के प्रीत सिंह, अय्याली कलां के प्रभजोत सिंह मान व परमजोत सिंह मान, गांव साईयां के रमनदीप सिंह बाबा सहित अवतार सिंह उर्फ तारी और गुरदीप सिंह उर्फ नीटा को नामजद किया है। थाना सराभा नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर गुलजिंदर सिंह का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। उन्होंने साफ किया कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here