Edited By Vatika,Updated: 12 Mar, 2026 09:21 AM

नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त करवाने और उनका ब्यौरा जुटाने
लुधियाना(राज): नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त करवाने और उनका ब्यौरा जुटाने के लिए अब नार्थ हल्के में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। वीरवार सुबह को निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ हैबोवाल कलां के अंतर्गत आते बैंक कॉलोनी इलाके में पहुंची, जहां लाल चंद भाटिया स्कूल के सामने स्थित बेशकीमती सरकारी जमीन की पैमाइश की गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व खुद एमटीपी विजय कुमार कर रहे थे, जिनके साथ एटीपी हरविंदर सिंह हन्नी, हेड ड्राफ्टमैन मोहन सिंह, कानूनगो और जेई सहित निगम का पूरा अमला मौजूद रहा।
निगम की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इस सरकारी जमीन के साथ लगती कोठियों और मकानों के मालिकों ने अवैध रूप से अपना रास्ता सरकारी जमीन के बीच में से निकाला हुआ था। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने टीम का विरोध करते हुए दावा किया कि वे अपने मकान के साथ लगती 20 फुट की गली का केस माननीय अदालत से जीत चुके हैं। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एमटीपी विजय कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिन लोगों के पास अदालत के आदेश या मालिकाना हक के दस्तावेज हैं, वे तुरंत नगर निगम के डी-जोन कार्यालय में पहुंचकर अपनी फाइल पेश करें।
इस मामले में जानकारी देते हुए एमटीपी विजय कुमार ने बताया कि यहां नगर निगम की लगभग 1400 गज सरकारी जमीन है, जो दो अलग-अलग हिस्सों में बंटी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम इस जमीन का उपयोग जनहित और लोगों की सहूलियत के लिए ही करने की योजना बना रहा है। निगम का अगला कदम इस पूरी जमीन को अपने कब्जे में लेकर यहां विकास कार्य शुरू करवाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही पैमाइश के आधार पर अगली कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।