गुरदासपुर बंद का ऐलान! करोड़ों की लूट से दहशत में व्यापारी

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 08 Mar, 2026 08:45 PM

gurdaspur shutdown announced traders terrified by loot worth crores

करीब चार दिन पहले गुरदासपुर शहर में दिनदहाड़े एक सर्राफ के घर हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पीड़ित सर्राफ वरुण महाजन ने सभी दुकानदारों से भावुक अपील करते हुए 9 मार्च को गुरदासपुर बंद रखने का आह्वान किया है।

गुरदासपुर (हरमन, हरजिंद्र गोराया)  : करीब चार दिन पहले गुरदासपुर शहर में दिनदहाड़े एक सर्राफ के घर हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पीड़ित सर्राफ वरुण महाजन ने सभी दुकानदारों से भावुक अपील करते हुए 9 मार्च को गुरदासपुर बंद रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने न केवल उनके परिवार को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि शहर के व्यापारियों में भी डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।

वरुण महाजन ने कहा कि उनके घर जो बड़ी डकैती हुई है, उसका दर्द सिर्फ उनका परिवार ही समझ सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना आमतौर पर लोग फिल्मों में ही देखते हैं, लेकिन गुरदासपुर में हुई यह वारदात शायद पूरे देश में इस तरह की पहली घटना हो सकती है। उन्होंने बताया कि उस दिन के बाद से वह और उनका परिवार लगातार परेशानी और मानसिक तनाव के दौर से गुजर रहे हैं।

उन्होंने इस मौके पर व्यापार मंडल का भी तहे दिल से धन्यवाद किया, जिन्होंने इस मुश्किल समय में उनका साथ दिया और इंसाफ की मांग को लेकर उनके समर्थन में आवाज उठाई। वरुण महाजन ने कहा कि वह किसी भी राजनीतिक पार्टी या संगठन से ऊपर उठकर शहर के सभी दुकानदारों से सम्मानपूर्वक अपील करते हैं कि वे 9 मार्च को गुरदासपुर बंद कर इस बड़ी डकैती के विरोध में अपनी एकजुटता दिखाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और प्रशासन पर भी दबाव बने कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

उन्होंने कहा कि इस तरह के विरोध प्रदर्शन से न केवल पीड़ित परिवार को नैतिक सहारा मिलेगा, बल्कि यह संदेश भी जाएगा कि शहर का व्यापारी वर्ग ऐसी घटनाओं के खिलाफ एकजुट है।

उल्लेखनीय है कि इस बड़ी डकैती की घटना को चार दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हालांकि बीते दिन पुलिस को आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई कार होशियारपुर जिले के एक सुनसान स्थान से बरामद हो गई थी, लेकिन अभी तक पुलिस ने इस मामले में कोई बड़ा खुलासा नहीं किया है। इसी कारण शहर के व्यापारियों और दुकानदारों में नाराजगी पाई जा रही है और वे मांग कर रहे हैं कि इस डकैती को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए तथा लूटे गए करोड़ों रुपये की नकदी और जेवरात भी बरामद करवाए जाएं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!