Edited By Sunita sarangal,Updated: 19 Jun, 2021 06:56 PM

मुख्यमंत्री ने फ्लाइंग सिख की चंडीगढ़ स्थित रिहायश पर जाकर उन्हें श्रद्धा के फूल भेंट किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि......
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को महान एथलीट की याद में स्पोर्टस यूनिवर्सिटी, पटियाला में मिल्खा सिंह की चेयर स्थापित करने का ऐलान किया है। बता दें कि मिल्खा सिंह का कल देर रात कोरोना के कारण निधन हो गया था।
मुख्यमंत्री ने फ्लाइंग सिख की चंडीगढ़ स्थित रिहायश पर जाकर उन्हें श्रद्धा के फूल भेंट किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी यादें सदा युवा पीढ़ी को प्रेरित करती रहेंगी। मुख्यमंत्री ने इससे पहले आदर के तौर पर पद्म श्री मिल्खा सिंह का अंतिम संस्कार सरकारी सम्मानों के साथ करने और एक दिन की छुट्टी का ऐलान किया था। उन्होंने कहा कि महान भारतीय खिलाड़ी की शानदार विरासत हमेशा ही लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी।
मिल्खा सिंह द्वारा साल 1960 में पाकिस्तानी चैंपियन अब्दुल खालिक को लाहौर में हराने के बाद उस समय के प्रधानमंत्री मरहूम जवाहर लाल नेहरू की ओर से राष्ट्रीय छुट्टी घोषित किए जाने को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी इच्छा थी कि वह भी आज राष्ट्रीय छुट्टी का ऐलान कर सकते। उन्होंने कहा कि लेकिन पंजाब में महान शख्सियत के अलग होने के शोक में झंडा आधा झुका हुआ रहेगा और राज्य में छुट्टी रहेगी। उन्होंने कहा कि 1960 में पाकिस्तानी चैंपियन अब्दुल खालिक से लाहौर में जीतने के बाद पाकिस्तान के उस समय के राष्ट्रपति जनरल आयूब ख़ान ने मिल्खा सिंह को ‘फ्लाइंग सिख’ का नाम दिया था।
इस अवसर पर वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी, स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू और लोकसभा मैंबर गुरजीत सिंह औजला भी उपस्थित थे।
पंजाब और अपने शहर की अन्य खबरें पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here