पंजाब में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, केवल सिंह ढिल्लों ने 13 विशेष कार्यक्रमों का किया ऐलान

Edited By Kamini,Updated: 12 Sep, 2026 06:46 PM

seva sankalp abhiyan  to begin in punjab on september 17

भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे पंजाब में ‘सेवा संकल्प अभियान’ पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

पंजाब डेस्क : भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे पंजाब में ‘सेवा संकल्प अभियान’ पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दिशा-निर्देशों के तहत तैयार किए गए इस अभियान की जानकारी देते हुए पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सफल जनसेवा यात्रा 7 अक्टूबर 2026 को पूरी हो रही है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता सेवा और समर्पण की भावना के साथ गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर सेवा का संदेश पहुंचाएंगे।

केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का जनसेवा का यह सफर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ था, जहां वे लगातार 3 बार मुख्यमंत्री रहे और 2014 में देश के प्रधानमंत्री बनने के बाद इसका दायरा पूरे देश तक फैल गया। उन्होंने कहा कि गुजरात की प्रगति से शुरू हुआ यह सफर अब भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस यात्रा के दौरान केंद्र सरकार ने मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से गरीबों, किसानों और जरूरतमंदों के जीवन में सुधार किया है।

पंजाब के विकास और सिख समुदाय के लिए केंद्र के योगदान का उल्लेख करते हुए ढिल्लों ने दावा किया कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में पंजाब को सड़कों, रेलवे, कृषि और बुनियादी ढांचे के लिए 17 लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई है। इसके अलावा श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण, श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व, श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 400वां प्रकाश पर्व, वीर बाल दिवस की शुरुआत और 1984 के सिख विरोधी नरसंहार के दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जैसे ऐतिहासिक कदम उठाकर सिख समुदाय का गौरव बढ़ाया है।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि महीने भर चलने वाले इस अभियान के दौरान 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत 17 सितंबर को पंजाब भर में रक्तदान शिविरों के साथ होगी, जबकि उसी शाम 7 बजे लाभार्थी और कार्यकर्ता अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर धन्यवाद व्यक्त करेंगे। स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। गांव-गांव ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत 30 मिनट का नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत सम्मान किया जाएगा, जबकि ‘सेवा की कहानी’ के तहत लोगों के जीवन में आए बदलाव की वीडियो सोशल मीडिया पर साझा की जाएंगी।

अभियान के अन्य कार्यक्रमों में विकसित भारत के संकल्प के लिए ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के दौरान मशाल जलाई जाएगी और ‘सेवा-मेरा योगदान’ के माध्यम से हर नागरिक को एक सेवा कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर एक सप्ताह के लिए ‘सेवा सेतु’ कैंप लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा, जबकि प्रमुख स्थानों पर ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोलियां बनाई जाएंगी। ‘जन सेवक महाकुंभ’ के माध्यम से गांवों के पंचों और सरपंचों को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती मनाई जाएगी और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। केवल सिंह ढिल्लों ने भरोसा दिलाया कि पंजाब भाजपा इस अभियान को पूरी तत्परता और समर्पण के साथ सफल बनाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!