Edited By Sunita sarangal,Updated: 26 Nov, 2019 04:27 PM

भोगपुर ब्लाक के गांवों की सड़कों की बुरी हालत
भोगपुर(सूरी): भोगपुर ब्लाक के तहत पड़ते गांवों की लिंक सड़कों की पिछले लंबे समय से रिपेयर न होने के कारण सरकार के प्रतिनिधियों के लारों से परेशान लोगों ने खुद ही अपने खर्च पर सड़कों की रिपेयर का काम शुरू कर दिया है। यह गांव के लोगों का सरकार के प्रति रोष जताने का अनोखा तरीका है क्योंकि जनप्रतिनिधि सिर्फ सड़कों को जल्द बनवाने के आश्वासन देते हैं और लोग वर्षों से खस्ताहालत सड़कों के चलते परेशान हैं। कुछ समाज सेवकों की ओर से की जा रही सड़कों की रिपेयर के काम की आम जनता की तरफ से प्रशंसा की जा रही है परन्तु सरकार प्रति लोगों में भारी रोष भी पाया जा रहा है। भोगपुर-बुलोवाल सड़क की कुछ दिन पहले कुछ लोगों ने अपने पैसे खर्च कर रिपेयर की थी।

इस सड़क के निर्माण के लिए लोगों की तरफ से कई बार आवाज उठाई गई और धरना प्रदर्शन भी किया गया परंतु सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंगी। आखिरकार आज लोगों ने अपने ही पैसे खर्च कर इस सड़क में पड़े गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है। गांव चमियारी में सरपंच की तरफ से गांव के लोगों की मदद के साथ 2 किलोमीटर सड़क की रिपेयर करवाई गई है। सरपंच का कहना है कि लोगों ने इस सड़क का अपने खर्च पर नवीनीकरण करवाने का फैसला किया है। वहीं गांव बहराम सरिश्ता से सोहलपुर और भोगपुर को जोड़ती सड़क पर भी गुरुद्वारा डेरा सोहलपुर की संगत और सेवकों ने सड़क पर पड़े गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है।