Edited By swetha,Updated: 29 Feb, 2020 12:35 PM

फ्लाईओवर में खामियां दूर होने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई : चेयरमैन संधू
जालन्धर(चोपड़ा): पिछले कई महीनों से एक सड़क बंद होने के कारण विवादित बने पी.ए.पी. रेलवे ओवरब्रिज अब चौड़ा करके 8 लेन बनेगा। शुक्रवार को इस बारे में सर्वे को मौखिक मंजूरी नैशनल हाईवे अथॉरिटी के चेयरमैन सुखबीर सिंह संधू ने दी है। फ्लाईओवर के गलत डिजाइन के कारण वाहन चालकों को आ रही दिक्कतों व शिकायतों के मद्देनजर चेयरमैन संधू ने डिप्टी कमिश्रर वरिन्द्र कुमार शर्मा, पुलिस कमिश्रर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, मेयर जगदीश राज राजा व हाईवे अथॉर्टियों के अधिकारियों के साथ करीब 2 घंटों तक पी.ए.पी. व रामा मंडी फ्लाईओवर, दकोहा सहित जालंधर की हद में हाईवे पर बने ब्लैक स्पॉट्स का दौरा किया।
उन्होंने पी.ए.पी. आर.ओ.बी. के गलत बने डिजाइन और वहां आ रही दिक्कतों को भी देखा। इस दौरान प्रशासन ने चेयरमैन को पी.ए.पी. फ्लाईओवर को 6 लेन बनाने को लेकर 2 ड्राइंग दिखाई परंतु चेयरमैन संधू ने हाईवे की दिक्कतों को देखते हुए अधिकारियों को कहा कि इस आर.ओ.बी. का निर्माण भविष्य के 25-30 सालों को देखते हुए बनाया जाए जिसके चलते इसे 6 लेन की बजाय 8 लेन बनाया जाए। इसके लिए एन.एच. को आर.ओ.बी. के आसपास की जमीन एक्वायर करने की जरूरत पड़ सकती है।
इस दौरान एक प्रपोजल बनी कि पी.ए.पी. फ्लाईओवर चढ़ऩे के दौरान एलीवेटिड रोड तैयार होगा, जोकि सीधा चौगिट्टी फ्लाईओवर तक जाएगा। इस प्रपोजल को लेकर चेयरमैन संधू ने मौके पर ही एक कमेटी का गठन किया। इसमें एन.एच. के अधिकारियों सहित डिप्टी कमिश्रर वरिन्द्र शर्मा, पुलिस कमिश्रर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, विधायक राजिन्द्र बेरी भी शामिल हैं। कमेटी आर.ओ.बी. को 8 लेन बनाने को लेकर एक्सपर्ट्स से सुझावों को लेकर ड्राइंग तैयार करेगी।
चेयरमैन ने मौके पर ही कहा कि आप मुझे पूरा प्लान आऊट दें, एन.एच. तुरन्त आर.ओ.बी. के निर्माण के लिए टैंडर कॉल कर देगा। दकोहा रेलवे फाटक पर डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर ने चेयरमैन को रेलवे अंडरब्रिज के निर्माण में जमीन की कमी से संबंधित भी विस्तार से बताया। उन्होंने चेयरमैन को बताया कि यदि सड़क को 5 मीटर दूर करके जोड़ा जाए तो इस मसले का भी हल हो सकता है। उन्होंने बताया कि पंजाब के लोक निर्माण विभाग द्वारा इस रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण करवाया जा रहा है। इस पर चेयरमैन ने राष्ट्रीय हाईवे अथॉरिटी को कहा कि समस्या का मूल्यांकन करके आने वाले दिनों में इस मुद्दों के निपटारे को विश्वसनीय बनाया जाए। डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर के कहने पर चेयरमैन ने राष्ट्रीय हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को जिला जालंधर में पड़ते दुर्घटनाओं वाले 18 स्थानों को तुरंत हटाने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा संधू ने फगवाड़ा से पी.ए.पी. फ्लाईओवर व करतारपुर तक यातायात को निर्विघ्न और सुचारू ढंग से चलाने के लिए रुकावटें पैदा कर रहे ब्लैक स्पॉट्स व हाईवे की स्थिति का मुआयना किया। इस अवसर पर एस.डी.एम. राहुल सिंधू, डी.सी.पी. नरेश डोगरा, ए.सी.पी. एच.एस. भल्ला, कार्यकारी इंजीनियर गुरमुख सिंह, एस.डी.ओ. मनदीप सिंह और अन्य भी उपस्थित थे।
फ्लाईओवर में खामियां दूर होने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई : चेयरमैन संधू
पी.ए.पी. ओवरब्रिज के गलत डिजाइन को लेकर करोड़ों रुपए का नुक्सान होने के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के पूछे गए सवाल पर चेयरमैन सुखबीर सिंह संधू ने बताया कि पहले उनका प्रमुख उद्देश्य जल्द से जल्द हाईवे में मिली खामियों को दूर करना है। उनका प्रयास रहेगा कि आने वाले दो-तीन महीनों में वाहन चालकों की समस्याओं को हल कर दिया जाए। पी.ए.पी. फ्लाईओवर के बन जाने के बाद वे जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की तरफ ध्यान देंगे।
अब प्रोजैक्ट डायरैक्टर अंबाला की जगह प्रोजैक्ट डायरैक्टर जालंधर करेंगे निगरानी
डिप्टी कमिश्रर वरिन्द्र कुमार शर्मा व पुलिस कमिश्रर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने नैशनल हाईवे अथॉरिटी के चेयरमैन सुखबीर सिंह संधू को बताया कि हाईवे से संबंधित दिक्कतों को लेकर जब वे अधिकारियों से कुछ सुधार करवाना चाहते हैं तो उसकी मंजूरी प्रोजैक्ट डायरैक्टर अंबाला से लेनी पड़ती है, जिससे अप्रूवल को प्रस्ताव भेजने व मंजूरी मिलने में खासा समय लग जाता है। इस पर चेयरमैन संधू ने मौके पर ही कहा कि अब जालंधर में लगते हाईवे की समस्याओं को दूर करने को लेकर लिए जाने वाले फैसलों व प्रोजैक्ट की निगरानी जालंधर के प्रोजैक्ट डायरैक्टर करेंगे ताकि हरेक समस्या का हल समय पर हो सके।