Edited By Urmila,Updated: 09 Mar, 2026 12:01 PM

पंजाब में ड्रग्स का खतरा लगातार फैल रहा है, जिससे एक बार फिर राज्य के परिवारों को झिंझोड़ कर रख दिया है।
मेहतपुर/चंडीगढ़: पंजाब में ड्रग्स का खतरा लगातार फैल रहा है, जिससे एक बार फिर राज्य के परिवारों को झिंझोड़ कर रख दिया है। ताजा मामले में, उधोवाल गांव के 19 साल के युवक वंश की ड्रग्स के ओवरडोज से दुखद मौत हो गई है। वंश एक टैलेंटेड कबड्डी खिलाड़ी था और उसकी आंखों में कई सपने थे, जो ड्रग्स की भेंट चढ़ गए। गौरतलब है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले, मेहतपुर इलाके के बूटे दियां छन्नां गांव के सरपंच की भी ड्रग्स की वजह से मौत हो गई थी।
महज दो दिनों के अंदर हुई इन दो मौतों ने एक बार फिर पंजाब में ड्रग्स के गंभीर संकट को सामने ला दिया है। इस दर्दनाक स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। बाजवा ने कहा कि पंजाब सरकार का बहुत बहु प्रचारित 'युद्ध नशे विरुद्ध' मुहिम पूरी तरह से फेल साबित हुई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को उनके चुनावी वादे की याद दिलाई और सवाल पूछा कि वह नशा मुक्त पंजाब कहां जिसका उन्होंने वादा किया था? बाजवा के मुताबिक, युवा अभी भी ड्रग्स के खतरनाक नेटवर्क का शिकार हो रहे हैं और परिवार बर्बाद हो रहे हैं, जबकि सरकार के दावे सिर्फ विज्ञापनों तक ही सीमित नजर आ रहे हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here