Edited By Urmila,Updated: 22 Mar, 2026 03:41 PM

अमृतसर के चोगावां हलके के गांव कोहाली में गुरुद्वारा बाबा जागो शहीद में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है।
अमृतसर (रमन) : अमृतसर के चोगावां हलके के गांव कोहाली में गुरुद्वारा बाबा जागो शहीद में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फायरिंग की वजह से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह भी बताया गया है कि गुरुद्वारा साहिब को लेकर दो पक्षों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था और इसी वजह से वहां धारा 145 भी लगा दी गई है।
इस बारे में जानकारी देते हुए गुरलाल सिंह की मां राजविंदर कौर ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में एक श्रद्धालु ने LCD भेंट की थी जिसे बाबा हरजिंदर सिंह अपने घर ले गए। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि सरपंच गुरजंट सिंह कोहली, किंदरबीर सिंह, गुरजीत सिंह और उनके दूसरे साथी उनके घर के सामने आए और गाली-गलौज की। उनके मुताबिक, जब उनका बेटा गुरलाल सिंह, जतिंदर सिंह और सतनाम सिंह मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने उन पर हमला कर दिया और बुरी तरह पीटा।
इसके बाद जब वे गुरुद्वारा साहिब के गेट के अंदर घुसे, तो आरोप है कि सरपंच गुरजंट सिंह ने जतिंदर सिंह पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली उनके ही साथी मलकीत सिंह को लग गई, जो गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरी घटना की CCTV फुटेज भी मौजूद है। दूसरी ओर, बाबा हरजिंदर सिंह ने कहा कि सरपंच गुरजंट सिंह के ग्रुप ने उनके घर के सामने हंगामा किया और उनके एक साथी ने उसके बेटे झूजार सिंह पर किरपान से हमला किया, जिसका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस मामले में संपर्क करने पर लोपोके थाने के SHO शमशेर सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब में फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here