Edited By Urmila,Updated: 28 Mar, 2026 09:11 AM

शहर में झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शहर के पॉश इलाके 200 फुटा रोड का है, जहां बेखौफ लुटेरों ने दिन-दहाड़े एक महिला को अपना निशाना बनाया।
लुधियाना (राज): शहर में झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शहर के पॉश इलाके 200 फुटा रोड का है, जहां बेखौफ लुटेरों ने दिन-दहाड़े एक महिला को अपना निशाना बनाया। वारदात उस समय हुई जब महिला सड़क किनारे गोलगप्पों का आनंद ले रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली और फरार हो गए। थाना दुगरी की पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि लुटेरों का सुराग लगाया जा सके।
दुगरी की रहने वाली मनजोत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह 'कीज होटल' के सामने स्थित 200 फुटा रोड पर गोलगप्पे खा रही थी। इसी दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। मोटरसाइकिल से एक युवक नीचे उतरा और उसने बिजली की फुर्ती से महिला के गले पर झपट्टा मारा। झपटमार ने जबरदस्ती महिला के गले से सोने की चेन खींच ली और पास ही खड़े अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर फुल्लांवाल की ओर फरार हो गया। अचानक हुई इस वारदात से महिला सहम गई और शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के लोग इकट्ठा होते, आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। इस वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here