Edited By Subhash Kapoor,Updated: 01 May, 2026 07:28 PM

शहर में लगातार बढ़ रहे बिजली कटों को लेकर पंजाब सरकार निशाने पर आ गई है। भीषण गर्मी के बीच हो रही बिजली कटौती से आम जनता परेशान है, वहीं इस मुद्दे पर अब राजनेता भी सक्रिय हो गए हैं।
लुधियाना (विक्की): शहर में लगातार बढ़ रहे बिजली कटों को लेकर पंजाब सरकार निशाने पर आ गई है। भीषण गर्मी के बीच हो रही बिजली कटौती से आम जनता परेशान है, वहीं इस मुद्दे पर अब राजनेता भी सक्रिय हो गए हैं। बिजली मंत्री के अपने हल्के में दोपहर 12.30 बजे से बिजली बंद है।
कांग्रेस नेता ममता आशु ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा फर्क है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा यह दावा कर रहे हैं कि इस बार बिजली कटौती नहीं होगी, लेकिन जिस क्षेत्र से वे खुद विधायक हैं, वहां पिछले कई घंटों से बिजली गायब है।
ममता आशु ने कहा कि सरकार लोगों को गुमराह कर रही है और जनता को झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मंत्री के अपने क्षेत्र का यह हाल है, तो बाकी इलाकों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
जिक्रयोग्य है कि पिछले कुछ दिनों से शहर में लगातार लग रहे बिजली कटों से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दिन के साथ-साथ रात को भी बिजली कट लग रहे हैं। कारोबारियों को भी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
